भोपाल। आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने और लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए मतदाता जागरूकता वाहन का शुभारंभ देश के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत तथा बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसके जैन ने बीयू परिसर में किया। यह वाहन एडीआर, जिला प्रशासन और राष्ट्रीय सेवा योजना, मुक्त इकाई, बरकतउल्ला विवि के संयुक्त तत्वावधान में चलाया जा रहा है। इस अवसर पर एडीआर की ओर से पांच कार्टून किरदार की वेशभूषा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इन सभी किरदारों ने भोपाल करेगा वोट, मप्र करेगा वोट आदि नारों के साथ शत प्रतिशत मतदान की अपील की।
रचनात्मक प्रयास बहुत आवश्यक
इस अवसर पर पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत ने कहा कि इस तरह के रचनात्मक प्रयास बहुत आवश्यक हैं। मुझे बेहद खुशी है कि युवा नैतिक मतदान के लिए सामने आ रहे हैं और कम मतदान वाले क्षेत्रों में आगे आकर मतदान के लिए अपील कर रहे हैं। उन्होंने एडीआर और एनएसएस के मतदान को लेकर किए जा रहे अनवरत प्रयासों की प्रशंसा की। बीयू के कुलपति प्रो. एसके जैन ने कहा कि नैतिक मतदान के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि मुझे बेहद खुशी है कि इस तरह की सार्थक पहल करने के लिए युवा आगे आ रहे हैं और विवि इसमें एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मतदान के लिए आमजन को जागरूक कर रहे एनएसएस वालेंटियर्स
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के क्षेत्रीय निदेशक डा. अशोक श्रोती ने कहा कि हम पूरे मप्र में अनिवार्य और नैतिक मतदान के लिए आमजन को जागरूक कर रहे हैं। यह जागरूकता वाहन निश्चित ही लोगों को प्रेरित करेगा। एडीआर मप्र की राज्य समन्वयक रोली शिवहरे ने बताया कि विधानसभा चुनाव तक यह वाहन लगातार कम मतदान वाले क्षेत्रों में घूमकर अनिवार्य मतदान के लिए प्रचार करेगा। उन्होंने कहा कि हम सी विजिल एप के लिए भी प्रचार करेंगे, ताकि आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों को रिपोर्ट किया जा सके। जिला प्रशासन भोपाल की ओर से स्वीप अधिकारी संदीप श्रीवास्तव के साथ-साथ राष्ट्रीय सेवा योजना बीयू के कार्यक्रम समन्वयक डा. अनंत सक्सेना व मुक्त इकाई कार्यक्रम अधिकारी राहुल सिंह परिहार विशेष रूप से उपस्थित थे।











