कांग्रेस शनिवार 3 फरवरी को दिल्ली के रामलीला मैदान में न्याय संकल्प सम्मेलन करेगी। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल होंगे। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली के मुताबिक गीता मैदान से सुबह 11 बजे शुरू हो रहे इस इवेंट में पोलिंग बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
कांग्रेस की यह सम्मेलन इस मायने में भी खास है क्योंकि 45 साल पहले 1977 में चुनाव हारने के बाद इंदिरा गांधी ने भी 1979 में पूर्वी दिल्ली से ही चुनाव अभियान की शुरुआत की थी।
20 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल होंगे
एक दिन पहले आयोजन स्थल का जायजा लेने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लवली ने बताया कि इस आयोजन में 20 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। कांग्रेसने इस आयोजन को न्याय सम्मेलन नाम देकर राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के संदेश को आगे बढ़ाने की कोशिश की है। इसके जरिए पार्टी युवाओं महिलाओं, गरीबों, किसानों और श्रमिकों के लिए न्याय मांगने का काम करेगी।
सीट शेयरिंग पर मामला साफ नहीं, कांग्रेस दिल्ली की सातों सीटों पर प्रचार करेगी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरविंद लवली ने बताया कि INDIA ब्लॉक में शामिल आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच दिल्ली में सीट शेयरिंग को लेकर कोई स्थिति साफ नहीं है। इसलिए कांग्रेस दिल्ली की सभी सातों सीटों पर चुनाव प्रचार करेगी। लवली ने कहा कि गठबंधन में रहते हुए चुनाव लड़ने का मतलब अपने सहयोगी दलों को चुनाव जीतने में मदद करना भी होगा।











