प्रत्याशी चयन के लिए आज दिल्ली में होगी कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक

प्रत्याशी चयन के लिए आज दिल्ली में होगी कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक
भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन करने कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक शनिवार को दिल्ली में होगी। इसमें विधायक, लगातार हारने वाले 66 विधानसभा क्षेत्रों के अलावा उन सीटों के प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम निर्णय हो सकता है, जहां एक ही दावेदार का नाम है। पहली सूची में 150 से अधिक सीटों के प्रत्याशियों के नाम हो सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में होगी।

इसमें राज्य से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ, नेता प्रतिपक्ष डा.गोविंद सिंह, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला और ओमकार सिंह मरकाम शामिल होंगे। बैठक में स्क्रीनिंग कमेटी में जिन नामों पर सहमति बन चुकी है, उन पर विचार करके अंतिम रूप दिया जाएगा।

पार्टी ने प्रत्याशी चयन के लिए पांच सर्वे कराए और विभिन्न माध्यमों से दावेदारों को लेकर जानकारी जुटाई। इसके आधार पर स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, सदस्य अजय कुमार लल्लू और सप्तगिरि उलका ने तीन दौर की बैठकें की। सूत्रों का कहना है कि शनिवार को होने वाली बैठक में पहली सूची में शामिल किए जाने वाले प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम निर्णय हो जाएगा।

दो से तीन बार में घोषित होंगे प्रत्याशी

कांग्रेस दो से तीन बार में प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। पहली सूची 150 से अधिक नामों की आ सकती है। जिन सीटों के लिए एक से अधिक नाम हैं, उनको लेकर पार्टी ने फिर से सर्वे कराया है। इसकी रिपोर्ट को सामने रखकर एक बार और स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी और फिर केंद्रीय चुनाव समिति को नाम भेजे जाएंगे।

समिति में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अंबिका सोनी, डा.अमी याज्ञनिक, केसी वेणुगोपाल, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद, केजे जार्ज, मधुसूदन मिस्त्री, डा.मोहम्मद जावेद, पीएल पुनिया, प्रीतम सिंह, एन.उत्तम कुमार रेड्डी, टीएस सिंहदेव और ओमकार सिंह मरकाम सदस्य हैं।

Advertisement