मध्य प्रदेश कांग्रेस अब पार्टी को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र के 25 हजार घरों से 100-100 रुपए जुटाएगी।
इसके पीछे संगठन की सोच यह है कि एक तरफ जहां पार्टी के पास फंड की व्यवस्था होगी। दूसरी तरफ आर्थिक रूप से मदद करने वाले परिवारों से पार्टी के नेताओं का सीधा संपर्क होगा।
पचमढ़ी में 2 से 11 नवंबर तक एमपी कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की ट्रेनिंग होगी। इस दौरान प्रदेश के करीब एक हजार ब्लॉक अध्यक्षों के नामों की घोषणा करने की तैयारी है। 20 जिलों के ब्लॉक अध्यक्षों के नाम फाइनल हो गए हैं। एक हफ्ते में सभी ब्लॉकों के अध्यक्षों के नाम तय हो जाएंगे।
वहीं, ट्रेनिंग कैंप के तुरंत बाद 60 दिनों का प्रोग्राम घोषित किया जाएगा, जिसमें पूरे प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत कांग्रेस कमेटी और वार्ड कांग्रेस कमेटी का गठन किया जाएगा। इसके लिए सभी नेताओं, पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
जिलाध्यक्षों से वन-टू-वन करेंगे राहुल गांधी पचमढ़ी प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद शामिल होंगे। पीसीसी के मुताबिक राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का कार्यक्रम 8 से 10 नवंबर के बीच संभावित है। 6 नवंबर को बिहार में पहले चरण का मतदान होना है।
राहुल गांधी ट्रेनिंग के दौरान जिलाध्यक्षों को न केवल संबोधित करेंगे, बल्कि उनसे वन-टू-वन भी करेंगे। जिसमें वे जिले की सामाजिक, राजनीतिक परिस्थितियों, चुनौतियों और भविष्य की रणनीति पर बात कर सकते हैं।
मैनेजमेंट में सीखेंगे कांग्रेस जिलाध्यक्ष कांग्रेस के 71 जिला अध्यक्ष 10 दिनों तक पचमढ़ी में रहकर प्रशिक्षण लेंगे। इस दौरान अलग-अलग एक्सपर्ट्स डेली रूटीन, पब्लिक डीलिंग, बूथ मैनेजमेंट, कैडर मैनेजमेंट से लेकर चुनौतियां और भविष्य की रणनीति सिखाएंगे।
ये एक्सपर्ट देंगे ट्रेनिंग - कांग्रेस ट्रेनिंग डिपार्टमेंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन राव, सांसद और पूर्व आईएएस अफसर शशिकांत सैंथिल, सुप्रिया श्रीनेत, पवन खेड़ा, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल और हरीश चौधरी।
गनमैन, ड्राइवर, पीए को एंट्री नहीं पचमढ़ी के ट्रेनिंग कैंप में जिलाध्यक्षों को पीसीसी की ओर से भेजे गए पत्र में लिखा है कि आपको समय से पहले इसलिए सूचना दे रहे हैं ताकि आप हर दृष्टि से तैयारी कर लें। 2 नवंबर को सुबह 10 बजे तक हर हाल में प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। जिलाध्यक्षों के गनमैन, ड्राइवर, पीए को एंट्री नहीं दी जाएगी।
अगले चुनावों का रोडमैप होगा तैयार ट्रेनिंग कैंप में कांग्रेस जिलाध्यक्षों को अपने जिले में ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर, वार्ड, ग्राम पंचायत और बूथ लेवल तक संगठन बनाने के बारे में बताया जाएगा। आगामी समय में होने वाले नगरीय निकाय, पंचायत चुनाव और 2028 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर कैसे रणनीति बनाना है, इसका पूरा रोडमैप बताया जाएगा।
इधर, तेंदूखेड़ा में हुआ कांग्रेस का प्रशिक्षण कार्यक्रम इससे पहले दमोह जिले की तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान विस्तार के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें बूथ लेवल एजेंट (BLA-2), सेक्टर, मंडलम के पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए। इस दौरान प्रदेश प्रभारी ललित सेन, पीसीसी सचिव दीवान शैलेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष सुनीता पटेल, शोभा सिंघई, मनीष राय (विधानसभा प्रभारी), प्रदीप रघुवंशी, शोभा ठाकुर समेत ब्लॉक सेक्टर मंडलम के पदाधिकारी मौजूद रहें।











