कांग्रेस ने रामगढ़ विधायक की जगह पति को दिया टिकट, पत्नी बोली- पार्टी ने यह ठीक नहीं किया

कांग्रेस ने रामगढ़ विधायक की जगह पति को दिया टिकट, पत्नी बोली- पार्टी ने यह ठीक नहीं किया
राजस्थान: राजस्थान की रामगढ़ सीट से कांग्रेस विधायक शफिया खान की जगह उनके पति जुबैर खान को पार्टी ने टिकट दे दिया। कांग्रेस पार्टी के इस फैसले पर विधायक शफिया खान थोड़ी अपसेट हैं। शफिया ने कहा कि 'पार्टी ने मेरे साथ ये ठीक नहीं किया, लेकिन खुशी है कि एक बेहतर व्यक्ति को टिकट दिया है।' उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को अपना हक पाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। बता दें, बीजेपी ने अभी तक रामगढ़ से अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

शफिया ने 2018 में पार्टी के लिए जीती थी रामगढ़ सीट

शफिया खान के बयान में उनका दर्द साफ झलक रहा है। वह रामगढ़ में चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटी थीं। उन्हें उम्मीद थी कि पार्टी उन्हें टिकट देगी। हालांकि पार्टी ने उनकी जगह उनके पति जुबैर खान को रामगढ़ सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया। कांग्रेस को रामगढ़ में दो बार हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद कांग्रेस ने 2018 में जुबैर पर शफिया को तरजीह दी थी। वह उम्मीदों पर खरी उतरीं और सीट हासिल कर लीं।

हालांकि जुबैर एक अनुभवी हैं। उन्होंने 1990, 1993 और 2003 में इस सीट का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद के दो चुनाव 2008 और 2013 के चुनाव में रामगढ़ में जुबैर को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2018 में पार्टी ने जुबैर की जगह शफिया पर दांव लगाया था।

एक परिवार को 2 टिकट देना अनुचित: जुबैर खान

जुबैर खान एआईसीसी के पूर्व सचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी रहे हैं। वह अब मेवात विकास बोर्ड के अध्यक्ष हैं। क्या शफिया को पार्टी कहीं और से टिकट दे सकती है? इस पर जुबैर ने कहा कि, 'मुझे नहीं लगता कि दो टिकट मांगना उचित है क्योंकि ऐसे भी लोग हैं, जिन्होंने पार्टी के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्हें भी मौका मिलना चाहिए।'

Advertisement