भोपाल। जिले के ग्रामीण बहुल विधानसभा क्षेत्र बैरसिया से कांग्रेस प्रत्याशी जयश्री हरिकरण पेट्रोल पंप और लगभग तीन करोड़ रुपये की चल एवं अचल संपत्ति की मालकिन हैं। वहीं उनके पति भेल में कार्यरत हैं। उनके पास लाखों के गहने, लग्जरी वाहन, जमीन आदि संपत्ति है। यह जानकारी उन्होंने नामांकन प्रक्रिया के पांचवे दिन बैरसिया रिटर्निंग कार्यालय में अपना नामांकन पत्र जमा करते हुए शपथ पत्र में दी है। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ कार्यालय पहुंचीं और एसडीएम विनोद सोनकिया को अपना नामांकन सौंपा। बता दें कि बैरसिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विष्णु खत्री हैं, लेकिन अभी उन्होंने अपना नामांकन जमा नहीं किया है। अब तक इस विधानसभा क्षेत्र से चार नामांकन पत्र जमा हो चुके हैं।
दूसरी बार मौका, हुआ जमकर विरोध
बैरसिया विधानसभा सीट से कांग्रेस ने जयश्री हरिकरण को दूसरी बार विधायक प्रत्याशी बनाया है। इससे पहले विधानसभा चुनाव 2018 में भी उन्हें मैदान में उतारा था, लेकिन वह लगभग 10 हजार से अधिक मतों से हार गईं थीं। इस बार जब उनको टिकट मिला तो स्थानीय नेता रामभाई मेहर के समर्थकों ने जमकर विरोध किया। वह टिकट कटवाने को लेकर शीर्ष नेताओं के घर तक पहुंच गए थे, लेकिन उनके इस विरोध का कोई असर नहीं दिखा और आखिर कांग्रेस नेता अवनीश भार्गव, पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह ठाकुर के साथ नामांकन जमा करने पहुंचीं। इसके बाद से कांग्रेस की बैरसिया विधानसभा क्षेत्र में स्थिति स्पष्ट हो गई है।
उत्तर से पूर्व पार्षद ने आप से जमा किया नामांकन
जिले की सात विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को 19 नामांकन पत्र जमा हुए हैं। इनमें से उत्तर विधानसभा क्षेत्र से पांच नामांकन जमा हुए हैं, जिनमें पूर्व पार्षद मोहम्मद सऊद ने आम आदमी पार्टी से नामांकन जमा किया है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से एक नामांकन जमा हुआ है। वहीं बैरसिया से चार, नरेला से दो, मध्य से चार, गोविंदपुरा से तीन और हुजूर विधानसभा से दो नामांकन पत्र जमा किए गए हैं। अब नामांकन जमा करने के लिए सिर्फ एक दिन सोमवार का समय प्रत्याशियों के पास बचा हुआ है। वहीं शनिवार और रविवार को अवकाश की वजह से नामांकन पत्र नहीं लिए जाएंगे। 31 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संविक्षा होगी और दो नवंबर को इच्छुक प्रत्याशी नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे।
बैरसिया विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी
नाम - जयश्री हरिकरण
आयु - 41 वर्ष
चल संपत्ति - 1,11,48,111
अचल संपत्ति - 1,04,52,270
हाथ में नकद रुपये - 35,000
बैंक खाते में जमा राशि - 59,582
स्वर्ण आभूषण - 220 ग्राम, कीमत 9,75,000
बाजार मूल्य के अनुसार कुल संपत्ति - 3,35,19,966











