भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस टिकट के दावेदारों को लेकर ब्लाक से लेकर प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के साथ रायशुमारी कर चुकी है।
चुनाव समिति के सदस्यों से लिया फीडबैक
तीन दिन तक प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह और सदस्यों ने जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, ब्लाक अध्यक्ष, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। चुनाव समिति के सदस्यों से फीडबैक लिया गया।
11 और 12 सितंबर को फिर होगा विचार
अब 11 और 12 सितंबर को दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ दावेदारों के नाम पर विचार होगा और फिर स्क्रीनिंग कमेटी संभावित प्रत्याशियों की सूची तैयार करेगी।
आम सहमति वाले उम्मीदवार पहले
पहले उन सीटों के प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाएंगे, जिनको लेकर आम सहमति है। इसमें अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के लिए सुरक्षित सीटें भी शामिल हैं।
दावेदारों को कर दिया इशारा
सूत्रों का कहना है कि जिन वर्तमान विधायकों को चुनाव लड़ाया जाना है, उन्हें इशारा भी कर दिया गया है। 15 सितंबर के बाद पार्टी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर सकती है, जिसमें लगभग सौ नाम रहेंगे।











