भोपाल। पुराने शहर में स्थित शासकीय हमीदिया उमावि क्रमांक-1 की प्राचार्य विमला शाह के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत की गई है। मप्र कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जेपी धनोपिया ने निर्वाचन आयोग में प्राचार्य विमला शाह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने लिखा है कि शासकीय सेवा में रहते हुए प्राचार्य विमला शाह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है और भाजपा कार्यकर्ता के रूप में पार्टी का प्रचार-प्रसार कर रही हैं, लिहाजा उनके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाए और उनका दूसरे जिले में स्थानांतरण किया जाए।
प्राचार्य ने आरोपों को नकारा
इस मामले में स्कूल प्राचार्य विमला शाह का कहना है कि कुछ शिक्षक पढ़ाना चाहते नहीं हैं, इस कारण दुर्भावनावश उन्होंने ही शिकायत कराई है। मैं किसी पार्टी विशेष का प्रचार नहीं कर रही हूं। सभी आरोप निराधार हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धमकाने की निर्वाचन अधिकारी से शिकायत
उधर, चुनाव प्रचार के दौरान मध्य विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार आरिफ मसूद से जुड़े कार्यकर्ताओं को दो पुलिसकर्मियों द्वारा धमकाने की शिकायत शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर आशीष सिंह से की गई है। उम्मीदवार के निर्वाचन अभिकर्ता आनंद सेंगर ने शिकायत में बताया कि शाहपुरा थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक कन्हैयालाल यादव और आरक्षक शिवकुमार गहलोत लंबे समय से पदस्थ हैं। यह कांग्रेस के पक्ष में काम करने वाले कार्यकर्ताओं को डरा-धमका रहे हैं कि यदि तुमने काम किया तो तुम्हारे खिलाफ शराब बेचने, जुआ खेलने सहित झूठे केस दर्ज कर जेल भेज देंगे। इस मामले की शिकायत के बाद जांच मध्य विधानसभा के रिटर्निंग अधिकारी अमन मिश्रा को सौंपी गई है।











