भोपाल। मप्र शासन के संस्कृति विभाग एवं पर्यटन विभाग के सहयोग से आलियांस फ्रांसिस द्वारा आयोजित वाल आर्ट फेस्टिवल-तीन का समापन गुरुवार को किया गया। इसके तहत सभागम केंद्र की दीवार पर आर्टिस्ट आश्ति मिलर ने खूबसूरत वाल आर्ट को उकेरा। इस अवसर पर प्रमुख सचिव संस्कृति विभाग शिवशेखर शुक्ला, संचालक संस्कृति अदिति कुमार त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही रवींद्र भवन की कार्यालय प्रमुख मधु चौधरी भी उपस्थित रहीं। भोपाल के कलाकारों सहित कलाप्रेमी भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।
भोपाल की खूबसूरती देखकर आया विचार
आश्ति मिलर ने कहा कि रवींद्र सभागम केंद्र की दीवार पर उनके द्वारा बनाए वाल आर्ट का विषय प्रकृति था। यह विषय उन्हें भोपाल के खूबसूरत प्राकृतिक वातावरण को देखकर सूझा। उन्होंने बताया कि यह अब्स्ट्रैक्ट आर्ट है। इसके पहले उन्होंने केरल में पानी विषय और मुंबई में पृथ्वी विषय पर वाल आर्ट बनाया था।
मिली भरपूर सराहना
इस अवसर पर प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला ने कहा कि आर्टिस्ट द्वारा बनाया गया वाल आर्ट काफी आकर्षक है और रवींद्र भवन में आने वाले कलाप्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। संचालक संस्कृति अदिति कुमार त्रिपाठी ने कहा कि रवींद्र भवन की सांस्कृतिक विरासत है और यहां प्रतिदिन कलाकारों व कलाप्रेमियों का आना-जाना होता रहता है, इस दृष्टि से यह वाल आर्ट बहुत उपयोगी है।











