भोपाल। दीपावली और विधानसभा चुनाव की ड्यूटी से लौटकर सोमवार को स्कूलों में शिक्षकों में शत-प्रतिशत उपस्थिति होनी चाहिए थी, लेकिन शहर के कई शिक्षक व अन्य कर्मचारी स्कूलों से गायब रहे। इस दौरान सरकारी स्कूलों का औचक निरीक्षण कर कलेक्टर आशीष सिंह ने छह शिक्षकों, एक सहायक ग्रेड-3 और दो आउटसोर्स आपरेटरों के खिलाफ कार्रवाई कर दी। इनमें चार शिक्षक व एक सहायक ग्रेड-3 को निलंबित करने का निर्देश दिए हैं। वहीं दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस और दो आउटसोर्स आपरेटरों की सेवा समाप्ति के निर्देश दिए।
तीन स्कूलों में पहुंचे कलेक्टर
बता दें कि इस दौरान कलेक्टर ने तीन स्कूलों का निरीक्षण किया और प्राचार्यों को निर्देश दिए की परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, इसलिए स्कूल समय से खुलें और सभी शिक्षक उपस्थित भी रहें। कलेक्टर सोमवार सुबह 11 बजे शासकीय उमावि रुनाहा पहुंचे। यहां आधे से अधिक शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। इसके बाद नजीराबाद एवं सूरजपूरा के शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उनके निरीक्षण में कई शिक्षक और शिक्षिकाएं अनुपस्थित मिले। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी के तहत जिला शिक्षा अधिकारी अंजनी कुमार त्रिपाठी ने चार शिक्षकों और एक लिपिक को निलंबित करने के साथ ही दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस एवं दो आउटसोर्स आपरेटर की सेवा समाप्ति के निर्देश दिए।
रोकी वेतनवृद्धि
वहीं, शासकीय उमावि नजीराबाद की प्रभारी प्रधान अध्यापिका की दो वेतनवृद्धि रोकी गई है। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋतुराज सिंह, एसडीएम विनोद सोनकिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इसके बाद कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के डाक्टरों का भी हाल जाना। इस दौरान कार्रवाई की है।
यहां गायब मिले शिक्षक व कर्मचारी
कलेक्टर ने बैरसिया स्थित शासकीय उमावि रूनाहा का औचक निरीक्षण किया। वहां पर माध्यमिक शिक्षक सुशीला सोलंकी अनुपस्थित पाई गईं। उन्हें कलेक्टर ने निलंबित करने का आदेश दिया। निलंबन अवधि में उन्हें विकासखंड शिक्षा अधिकारी फंदा जिले में अटैच किया गया। उसी स्कूल के सहायक ग्रेड-3 के लिपिक शुभम सिंह को बिना सूचना के अनुपस्थित पाए जाने और शासकीय उमावि नजीराबाद की प्राथमिक शिक्षक कुमुद कुशवाह, मीना चतुर्वेदी, नानक प्रसाद अहिरवार को निलंबित किया गया है। इसी के साथ शासकीय उमावि नजीराबाद की प्राथमिक शिक्षक नीलम शर्मा एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक आरती त्रिपाठी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले दो आउटसोर्स आपरेटर कान्हा मीणा एवं भजन गौर की सेवा समाप्त की गई है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नजीराबाद की प्रभारी प्राचार्य झिनी सक्सेना की दो वेतनवृद्धि रोकी गई है।
आंगनबाड़ी केंद्र मिला बंद, कार्यकर्ता निलंबित
कलेक्टर आशीष सिंह ने सोमवार को ग्राम सूरजपूरा बैरसिया के आंगनबाड़ी केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आंगनवाड़ी केन्द्र बंद पाया गया एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनुपस्थित मिली। इस पर कलेक्टर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता राजकंवर की सेवा समाप्ति के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना अधिकारी प्रियंका दीवान का सात दिवस का वेतन काटने एवं दो वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए हैं। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत ऋतुराज सिंह एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे ।











