MP-राजस्थान में आज कोल्ड-डे हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के आसार

MP-राजस्थान में आज कोल्ड-डे  हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के आसार

देश के 17 राज्य ठंड और घने कोहरे की चपेट में हैं। दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा और बिहार में कोल्ड डे की स्थिति है। यहां गुरुवार को भीषण ठंड को लेकर रेड अलर्ट है। IMD ने बताया कि इन 5 राज्यों में 29 जनवरी तक ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है।

मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी कोल्ड डे की स्थिति है। यहां अगले 2 दिन तेज सर्दी पड़ने का अनुमान है। बुधवार (24 जनवरी) को MP के कई शहरों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से कम दर्ज किया गया। कल (24 जनवरी) पचमढ़ी में तापमान 3 डिग्री, सतना में 3.9 डिग्री, खजुराहो में 3.4 डिग्री रहा।

इधर, हिमाचल प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 25 से 27 जनवरी तक प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होगी। 28 और 29 जनवरी को अधिक क्षेत्रों के साथ साथ मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में भी बारिश-बर्फबारी की संभावना है।

अगले 24 घंटे के दौरान मौसम का हाल
निजी वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, 25 जनवरी को पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है। पश्चिमी हिमालय में 25 से 28 जनवरी के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ जगहों पर घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति जारी रहने की उम्मीद है। उत्तरी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में कोहरा छा सकता है।

गंगीय पश्चिम बंगाल, दक्षिणी झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 2 दिन तेज सर्दी पड़ने का अनुमान जताया है। प्रदेश में बुधवार रात पचमढ़ी में तापमान 3 डिग्री पहुंच गया। यहां की रात सबसे सर्द रही।

मौसम विभाग ने बताया कि 25 जनवरी को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इसके कारण 25 या 26 जनवरी को महाकौशल और ग्वालियर-चंबल संभागों में हल्की बारिश भी हो सकती है। 


Advertisement