पांच दिन की जापान यात्रा के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज स्वदेश लौट रहे हैं। मुख्यमंत्री शाम को दिल्ली पहुंचेंगे और दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार के बाद भोपाल लौटेंगे। दौरे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जापान की बड़ी कम्पनियां मध्यप्रदेश में अपना कारोबार बढ़ाने के लिये तैयार हैं। पेनासॉनिक और ब्रिजस्टोन जैसी कम्पनियों सहित जापानी निवेशकों ने प्रदेश में निवेश के लिए सहमति दी है। रेडीमेड गारमेंट्स से जुड़े उद्यमियों ने भी मध्यप्रदेश में निवेश की संभावना को लेकर रुचि दिखाई है।
जापान दौरे पर सीएम डॉ. यादव ने एसीएस CMO डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारियों के साथ जापान के क्योटो, ओसाका, कोबे और अन्य राज्यों में निवेशकों और उद्योगपतियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में जापानी निवेशकों के लिए बहुत अच्छे अवसर हैं। खासकर शहरी परिवहन, जल प्रबंधन और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में निवेश की अपार संभावनाएं है। मध्यप्रदेश में मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क, कुशल मानव संसाधन और मॉडर्न बुनियादी ढांचा है, जो विदेशी निवेशकों के लिए लाभकारी हो सकता है।
जापान प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन में विकसित किए जा रहे 75 एकड़ के मेडिकल एवं फार्मास्यूटिकल पार्क को वैश्विक निवेशकों के लिए एक बेस्ट डेस्टिनेशन बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश मेडिकल एवं फार्मास्यूटिकल मेन्यूफेक्चरिंग के क्षेत्र में नए हब के रूप में विकसित हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन के मॉडर्न मेडिकल डिवाइस पार्क में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार औद्योगिक इकाइयों को रियायती दरों पर भूमि उपलब्ध करा रही है। उन्होंने इस पार्क को भारत के तेजी से विकसित हो रहे हेल्थ केयर और मेडिकल डिवाइस सेक्टर का एक महत्वपूर्ण केन्द्र बताया।
इन कंपनियों, संगठनों ने जताई निवेश की इच्छा
ब्रिजस्टोन कॉर्पोरेशन के ग्लोबल सीईओ शुइची इशिबारी ने मध्यप्रदेश में निवेश के प्रति विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमारी कम्पनी जो कार्य कर रही है, उसे और विस्तारित किया जाएगा।
जेट्रो के अध्यक्ष सुसुमु काताओका ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव का जापान दौरा सही समय पर हुआ है। जेट्रो मध्यप्रदेश में अपना कार्यालय भी खोलेगा।
जापान इंटरनेशनल को-ऑपरेशन एजेंसी (जीका) के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट शोहई हारा ने मध्यप्रदेश में ग्रामीण जल आपूर्ति हाइड्रो प्रोजेक्ट में निवेश करने की मंशा जताई।
एएंडडी मेडिकल के निदेशक डाइकी अराई ने मप्र में राज्य में अपनी निर्माण इकाई स्थापित करने में विशेष रुचि दिखाते हुए कहा कि इस वर्ष के अंत तक एमपी में यूनिट शुरू करने की बात कही।
यूनिक्लो के चेयरमैन तदाशी यानाई से कपड़ा-परिधान उद्योग के विस्तार और संभावित निवेश पर चर्चा की। यूनिक्लो ने टेक्सटाइल सेक्टर में सहयोग पर सहमति जताई।
निटोरी होल्डिंग्स कम्पनी लिमिटेड के अध्यक्ष तोशियुकी शिराई से मुलाकात की। निटोरी होल्डिंग्स, होम फर्निशिंग निर्माण में निवेश करने पर सहमत है।
पेनासॉनिक ने मध्यप्रदेश में ऊर्जा भंडारण और बैटरी निर्माण क्षेत्र में निवेश करने की अपनी रुचि दिखाई है।











