सीएम नीतीश की बिगड़ी तबीयत, राजगीर महोत्सव का नहीं करेंगे उद्घाटन, जानिए पूरा मामला
पटना : बिहार के सीएम नीतीश कुमार की तबीयत (Nitish Kumar Health Update) पिछले दो दिनों से नासाज चल रही है। मौसम में बदलाव की वजह से उनकी यह तबीयत खराब हुई है। जिसकी वजह से आज उनके कई कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बीते दिनों दिल्ली की यात्रा पर भी थे। वहां से लौटने के बाद ही उनकी तबीयत कुछ बिगड़ गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबियों से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली से लौटने के बाद ही उनकी तबीयत खराब हो गई थी। जिसकी वजह से डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।
सीएम नीतीश के कई कार्यक्रम स्थगित
जानकारी के मुताबिक, बदलते मौसम और ठंड की वजह से सीएम नीतीश की तबीयत कुछ बिगड़ी है। हालांकि, डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे। मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है। डॉक्टरों ने उन्हें एहतियात के तौर पर आराम करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आज पटना के दीघा घाट पर एक कार्यक्रम में शामिल होना था। इसके अलावा भी मुख्यमंत्री का नालंदा में भी प्रोग्राम था। हालांकि अब अचानक तबीयत खराब होने की वजह से उनके तय कार्यक्रमों को स्थगित करना पड़ा है।
राजगीर महोत्सव का नहीं करेंगे उद्घाटन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आज एक कार्यक्रम नालंदा में होना था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आज राजगीर महोत्सव में शामिल होना था, जहां वो मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने वाले थे। उन्हें राजगीर महोत्सव का उद्घाटन करना था। यह कार्यक्रम शाम 5:00 बजे का था। हालांकि, अब उनके इसमें शामिल की संभावना नहीं है। उनकी जगह प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी राजगीर महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।
विजय चौधरी करेंगे राजगीर महोत्सव का आगाज
गुरुवार यानी आज से ही तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव की शुरुआत होनी थी। इस कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही करने वाले थे। हालांकि, जिस तरह से मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य प्रभावित हुआ, उनकी तबीयत खराब हुई उसे देखते हुए सीएम नीतीश का राजगीर दौरा टाल दिया गया है। अब विजय कुमार चौधरी इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।











