तेलंगाना का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, अगले कुछ घंटों में फैसला हो जाएगा। CM पद की रेस में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी सबसे आगे हैं। पार्टी के 64 विधायकों ने सोमवार को हैदराबाद में मीटिंग की। कर्नाटक के डिप्टी CM डी के शिवकुमार भी इसमें शामिल हुए।
तेलंगाना में पार्टी को मिली हार के बाद मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (KCR) ने अधिकारियों के जरिए अपना इस्तीफा भेजा। वे इसके बाद CM हाउस से चले गए। सूत्रों के मुताबिक, वे मेडक के लिए निकल गए। यहीं उनका फॉर्महाउस है।
तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों का रिजल्ट रविवार को आया। इसमें कांग्रेस ने 64 सीटें जीतीं। सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (BRS) को 39 सीटें मिलीं। भाजपा को 8, AIMIM को 7 और एक सीट CPI के खाते में गईं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी और कर्नाटक के डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने रविवार रात राज्यपाल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।
इधर, रिजल्ट के बाद अब पार्टी छोड़ने का भी सिलसिला शुरू हो चुका है। भद्राचलम से BRS के विधायक तालम वेंकटेश्वर राव देर रात सीधे हैदराबाद पहुंचे और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी से मिले। वे रेवंत के सामने कांग्रेस में शामिल हुए।
पिछला चुनाव जीतकर दल बदलने वाले 9 विधायक हारे
- कोट्टागुडेम में वनामा और पिनापाका में रेगा कंथा राव हार गए।
- इलांडु में हरिप्रिया और नकीरेकल में चिरुमूर्ति लिंगय्या को मतदाताओं ने खारिज कर दिया।
- उनके साथ ही भूपालपल्ली के अश्वराओपेटा में गांद्र वेंकटरमण और मेचा नागेश्वर राव को भी हार का सामना करना पड़ा।
- उपेन्द्र रेड्डी पलेरू में और सुरेंदर एलारेड्डी में हार गये।
- कोल्हापुर में हर्षवर्द्धन हार गए।
15 डॉक्टर भी विधायक बने, इनमें 11 कांग्रेस, 3 BRS और 1 भाजपा से जीते
- डॉ. रामचन्द्र नाइक, एमएस जनरल सर्जन, डोर्नकल, कांग्रेस
- डॉ. वामसिकृष्णा, एमएस जनरल सर्जन, अतचम्पेटा, कांग्रेस
- डॉ. मुरली नाइक, एमएस जनरल सर्जन, महबूबाबाद, कांग्रेस
- डॉ. सत्यनारायण, एमएस जनरल सर्जन, मनकोंदुर, कांग्रेस
- डॉ. मैनमपल्ली रोहित राव, एमबीबीएस, मेडक, कांग्रेस
- डॉ. पर्णिका रेड्डी, जनरल फिजिशियन, नारायणपेट, कांग्रेस
- डॉ. संजीव रेड्डी, बाल रोग विशेषज्ञ, नारायणखेड, कांग्रेस।
- डॉ. विवेक वेंकटस्वामी, एमबीबीएस, चेन्नूर, कांग्रेस
- डॉ. भूपति रेड्डी, एमएस ऑर्थो, निज़ामाबाद ग्रामीण, कांग्रेस
- डॉ. कुचुकुल्ला राजेश रेड्डी, एमडीएस, नगरकुर्नूल, कांग्रेस
- डॉ. रागमई, एमडी पल्मोनोलॉजिस्ट, सत्तुपल्ली, कांग्रेस
- डॉ. थेलम वेंकट राव, एमएस ऑर्थो, भद्राचलम, बीआरएस
- डॉ. संजय कुमार, एमएस नेत्र विज्ञान, जगित्याला, बीआरएस
- डॉ. कल्वाकुंटला संजय, एमसीएच न्यूरो, कोरुतला, बीआरएस
- डॉ. पलवई हरीश, एमएस ऑर्थो, सिरपुर, भाजपा
तेलंगाना में हावी रहा परिवारवाद
BRS: तेलंगाना विधानसभा चुनाव में CM केसीआर गजवेल सीट से और उनके बेटे और BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव सिरसिला से चुनाव जीत गए हैं। केसीआर के भतीजे और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टी हरीश राव सिद्दीपेट से चुनाव जीत गए हैं।
कांग्रेस: पार्टी के सांसद एन उत्तम कुमार रेड्डी को हुजूरनगर सीट से और उनकी पत्नी एन पद्मावती को कोडाड सीट से टिकट दिया था। दोनों चुनाव जीत गए हैं। विधायक हनुमंत राव हैदराबाद की मलकाजगिरी सीट से चुनाव हार गए हैं और उनके बेटे रोहित राव मेडक सीट से चुनाव जीत गए हैं।हनुमंत राव पहले BRS में थें और पार्टी ने उन्हें फिर से मयनपल्ली सीट से टिकट दिया था लेकिन हनुमंत राव ने BRS छोड़ दी। कांग्रेस ने हनुमंत राव के साथ ही उनके बेटे को भी टिकट दिया था। कांग्रेस के जी विवेकानंद चेन्नूर से और उनके भाई जी विनोद बेल्लामपल्ले से चुनाव जीत गए है।











