एग्जिट पोल में कांटे की टक्कर! राजस्थान का सियासी रिवाज बीजेपी के पक्ष में, क्या होने जा रहा 'खेला'
नई दिल्ली : पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे रविवार को आएंगे। लेकिन एग्जिट पोल ने अभी से राजनीतिक गर्मी बढ़ा दी है। राजस्थान में इस वक्त कांग्रेस की सरकार है और यहां का राजनीतिक रिवाज रहा है कि हर चुनाव में सत्ता बदल जाती है। इस लिहाज से यह बीजेपी के पक्ष में है, लेकिन एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी के लिए राजस्थान की राह आसान नहीं है।
राजस्थान में क्या है लोगों का मूड
यहां कई जगह कांग्रेस के विधायकों के खिलाफ तो एंटी इनकंबेसी दिखी लेकिन अशोक गहलोत के खिलाफ नाराजगी नहीं दिखी। राजस्थान में वोटिंग तक भी किसी एक की लहर नहीं दिखी और एग्जिट पोल भी दिखा रहे हैं कि यहां कांग्रेस और बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला है। कांग्रेस ने यहां सीएम अशोक गहलोत के चेहरे पर चुनाव लड़ा लेकिन बीजेपी ने किसी को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित नहीं किया। यहां बीजेपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ा और कई सीटों पर अपने सांसदों को भी बीजेपी ने उतारा।
छत्तीसगढ़ में किसकी सरकार?
छत्तीसगढ़ बीजेपी का चेहरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही रहे। छत्तीसगढ़ में किसान एक बड़ा फैक्टर हैं। कांग्रेस ने जहां किसानों की कर्ज माफी का वादा किया है वहीं बीजेपी ने भी किसानों को लुभाने के लिए कई वादे किए हैं। मध्य प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनाव में भी किसी पार्टी को साफ बहुमत नहीं मिला था। कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनी थी और फिर सरकार बनाई।
एमपी के एग्जिट पोल में हंग असेंबली के आसार
हालांकि, बाद में ज्योतिरादित्य सिंधिया और कई विधायकों के बागी हो जाने पर वहां फिर शिवराज सिंह के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बनी। बीजेपी को यहां सरकार की लाडली बहना योजना से उम्मीद है। हालांकि, बीजेपी ने यहां भी सीएम कौन होगा इसका जिक्र नहीं किया और पार्टी का मुख्य चेहरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही रहे। वहीं, मिजोरम में अधिकतर एक्जिट पोल में हंग असेंबली का अनुमाल लगाया गया है।











