भोपाल । स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर शहर में बेहतर साफ-सफाई के तमाम दावे किए जा रहे हैं। लेकिन हकीकत इसके उलट है। राजधानी की नगरीय सीमा में कुछ जोन ऐसे भी हैं, जो नगर निगम के आयुक्त के निर्देश के बाद भी इसका पालन नहीं कर रहे हैं। गुरुवार को जब नगर निगम आयुक्त फ्रैंक नोबल ए. जोन क्रमांक 17 में आने वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचे, तो आसपास के क्षेत्रों में गंदगी देखकर भड़क गए। उन्होंने एएचओ पर नाराज होते हुए जमकर फटकार लगाई। इसके बाद नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
एएचओ को पहले भी दी गई थी चेतावनी
उपायुक्त योगेंद्र पटेल ने बताया कि इससे पहले भी निगम आयुक्त ने संबंधित जोन का भ्रमण किया था। तब भी यहां काफी गंदगी मिली थी। इसके बाद उन्होंने एएचओ पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यशैली में सुधार की चेतावनी दी थी। लेकिन इसके बाद भी सफाई व्यवस्था में कुछ सुधार नहीं हुआ। गुरुवार को जब दूसरी बार आयुक्त जोन 17 में पहुंचे तो उन्हें करोंद बायपास के किनारे बिना ड्रायवर के कचरा वाहन खड़ा मिला। वहीं पूजा कालोनी, पीपल चौक मार्ग, आरिफ नगर ओवर ब्रिज सहित अन्य स्थानों पर सड़क पर कचरा मिलने पर संबंधित एएचओ को नोटिस भेजने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्य मार्गों की सफाई सुबह आठ बजे से पहले कराने को कहा है। इस दौरान आयुक्त ने निगम अधिकारियों के साथ जोन क्रमांक 3, 4 और 5 का भी निरीक्षण किया।











