सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस (CJI) डीवाई चंद्रचूड़ एक वकील पर नाराज हो गए। वकील एक याचिका की लिस्टिंग को लेकर CJI से तेज आवाज में बोल बैठे। इस पर चंद्रचूड़ ने वकील को फटकार लगाते हुए कहा- आप आवाज नीचे करके बात करें, नहीं तो कोर्ट से बाहर करवा दूंगा।
CJI ने वकील से कहा- एक सेकेंड, पहले अपनी आवाज धीमी करें। आप सुप्रीम कोर्ट में खड़े होकर अपनी बात रख रहे हैं। अगर आपको लगता है कि ऊंची आवाज में बातकर आप कोर्ट को डरा सकते हैं, तो आप गलत हैं। मेरे 23 साल के करियर में इस तरह से किसी ने मुझसे बात नहीं की। करियर के बचे हुए एक साल में भी ऐसा नहीं होने दूंगा।
चीफ जस्टिस ने वकील से कहा- आपको पता होना चाहिए कि आप कहां खड़े हो रहे हैं। क्या आप हर बार जस्टिस पर इसी तरह चिल्लाते हैं? चीफ जस्टिस की चेतावनी के बाद वकील ने तुरंत माफी मांगी और विनम्र होकर आगे अपनी बात कोर्ट के सामने रखी।
पिछले दो केस जब वकीलों पर नाराज हुए CJI...
पहला केस (अक्टूबर 2023) : मोबाइल पर बात कर रहे वकील से बोले- यह कोई बाजार है
16 अक्टूबर 2023 को एक वकील के फोन पर बात करने से CJI नाराज हो गए थे। उन्होंने वकील को टोकते हुए कहा- इधर आओ, यह कोई बाजार है? CJI ने अपने स्टाफ को वकील का मोबाइल लेने को भी कह दिया। बाद में वकील ने माफी मांगी। चीफ जस्टिस चंद्रचूड़ ने वकील को चेतावनी देते हुए कहा कि अगली बार ध्यान रखना, दोबारा ऐसी गलती मत करना।
दूसरा केस (मार्च 2023) : वकील से बोले- चुप रहो, नहीं तो कोर्ट से बाहर हो जाओ
मार्च 2023 में भी जस्टिस चंद्रचूड़ कथित तौर पर एक वरिष्ठ वकील विकास सिंह पर जोर से चिल्लाए थे। विकास सिंह सुप्रीम कोर्ट के वकीलों के लिए भूमि से संबंधित एक मामले को आगे बढ़ाने की बात कर रहे थे। तब CJI ने नाराज होकर सिंह से बोला- चुप रहो, नहीं तो कोर्ट से बाहर हो जाओ। तुम हमें डरा नहीं सकते।











