भोपाल। बैरसिया थाना इलाके में रहने वाले नगर सुरक्षा समिति के एक सदस्य ने घर में फांसी लगा ली। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने की वजह से अभी खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद उसका शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है। उधर बैरागढ़ थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास रेल पटरी से युवक का शव बरामद किया है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि युवक हादसे का शिकार बना है, या फिर उसने खुदकुशी की है।
निजी काम करता था मृतक
बैरसिया थाना पुलिस के मुताबिक ग्राम पिपलिया हसनाबाद निवासी 35 वर्षीय मुसर्रफ पुत्र छोटे खान निजी काम करता था। वह बैरसिया थाना क्षेत्र की नगर सुरक्षा समिति का सक्रिय सदस्य भी था। गुरुवार सुबह मुसर्रफ ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने कमरे की तलाशी भी ली, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव
उधर, बैरागढ़ थाना पुलिस ने गुरुवार शाम को रेलवे फाटक के पास पटरी से एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान मछली बाजार के पास रहने वाले 39 वर्षीय रामबाबू पुत्र लक्ष्मणसिंह सिसोदिया के रूप में हुई। वह स्वयं का व्यवसाय करता था।











