छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष 2025-26: कोरिया जिले में होंगे विविध आयोजन

छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष 2025-26: कोरिया जिले में होंगे विविध आयोजन
कोरिया। छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2025 -26 को 'रजत जयंती वर्ष' के रूप में 15 अगस्त से 31 मार्च 2026 तक मनाया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर पूरे राज्य में गौरव, आत्मावलोकन और संकल्प के साथ विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।

इसी क्रम में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने विभागवार प्रस्तावित गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा साझा की।

बैठक में शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के आलोक में रजत जयंती वर्ष के आयोजनों को स्थानीय पर्व-त्योहारों और सामाजिक-सांस्कृतिक अवसरों से जोड़ते हुए जनभागीदारी बढ़ाने पर बल दिया गया।


कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे जिला, विकासखंड, ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर अपने-अपने कार्यक्रमों की कार्ययोजना निर्धारित समय-सीमा में तैयार करें और विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं, किसानों, मजदूरों, उद्यमियों, हितग्राहियों, जनप्रतिनिधियों तथा स्वैच्छिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करें।

31 मार्च 2026 तक मनाया जाएगा रजत जयंती समारोह
शासन से प्राप्त मुख्य प्रस्तावित गतिविधियों में 15 अगस्त से 19 अगस्त तथा 1 से 6 नवम्बर के बीच संस्कृति विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ी फिल्म फेस्टिवल, लोकनृत्य महोत्सव, शिल्प मेला, कलांजलि, देशभक्ति गीत प्रतियोगिता सहित सभी सांस्कृतिक उत्सवों को रजत जयंती थीम पर आयोजित किया जाएगा।

28 अगस्त से 31 अगस्त तथा 1 से 7 सितंबर के बीच स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा बाल पंचायत, एआई साक्षरता सप्ताह, एलुमिनाई मीट, पुस्तक वाचन दिवस, टीकाकरण अभियान, महतारी सम्मेलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 20 से 27 अगस्त के बीच पोषण मेला, महतारी सम्मेलन, महतारी मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित की जाएगी व 8 से 23 सितंबर को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग टेक फेस्ट, जॉब फेयर, सेमिनार, रजत जयंती पुस्तक मेला जैसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को जोड़ेगा।
Advertisement