छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन तोमन साहू ने जिला कार्यालय में ली बैठक

छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन तोमन साहू ने जिला कार्यालय में ली बैठक

कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन तोमन साहू की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं वार्षिक कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए चेयरमैन तोमन साहू ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी का मुख्य उद्देश्य मानवीय सेवा करना है। उन्होंने वार्षिक कार्ययोजना के अनुरूप जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने तथा सेवा कार्यों में आमजन की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने देहदान एवं अंगदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने तथा इसके लिए समिति गठित करने की बात कही।

उन्होंने जूनियर रेडक्रॉस एवं यूथ रेडक्रॉस को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों का आधारस्तंभ बताते हुए युवाओं की सदस्यता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई जैसे तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों को भी रेडक्रॉस से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाने की बात कही।

प्रदेश संगठन समिति के अध्यक्ष एच. आर. साहू ने जिले में सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा अंगदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सभी विद्यालयों में जूनियर रेडक्रॉस इकाइयों को सक्रिय करते हुए रेडक्रॉस की गतिविधियों को बढ़ाने के निर्देश दिए।

जिला चेयरमैन मनोज जैन ने जिले में रेडक्रॉस सोसायटी की सहभागिता बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को सदस्य बनाने पर जोर दिया। वहीं कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने जिले में संचालित रेडक्रॉस सोसायटी की विभिन्न गतिविधियों की पीपीटी के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान सर्वाधिक स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा अंगदान की घोषणा करने वाले शिवचरण साहू को रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा सम्मानित किया गया।

Advertisement