महिला कलाकारों के लिए चारबैत कार्यशाला, जनजातीय संग्रहालय में करें चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन

महिला कलाकारों के लिए चारबैत कार्यशाला, जनजातीय संग्रहालय में करें चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन

भोपाल। शहर में सामाजिक, सांस्‍कृतिक, कलात्‍मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। बुधवार 06 सितंबर को भी शहर में अनेक ऐसी गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।

माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में 'माह का प्रादर्श' श्रंखला के तहत सितंबर माह के प्रादर्श के रूप में जिला मधुबनी, बिहार के लोक समुदाय से संकलित मिथिलांचल क्षेत्र में प्रचलित तांबे के अनुष्ठानिक पात्र 'कलशा' को दर्शकों के अवलोकनार्थ प्रस्तुत किया गया है। आप इसे सुबह दस बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक देख सकते हैं।

चित्र प्रदर्शनी - मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में भील समुदाय की चित्रकार ग्लोरिया भभोर के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया गया है। 41वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी सितंबर माह के अंत तक रहेगी। इसे दोपहर 12 बजे से शाम आठ बजे तक देखा जा सकता है।

चारबैत कार्यशाला - मप्र उर्दू अकादमी, संस्कृति परिषद एवं संस्कृति विभाग द्वारा अंश हैप्पीनेस सोसायटी के सहयोग से महिला कलाकारों के लिए 15 दिवसीय चारबैत कार्यशाला चल रही है। कार्यशाला में उस्ताद मुख्तार द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

मटकी फोड़ प्रतियोगिता - श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर चौपाल संस्था की ओर से मटकी फोड़ प्रतियोगिता, भजन संध्या और आतिशबाजी का आयोजन निर्मल पैलेस, अवधपुरी में किया जा रहा है। रंगारंग कार्यक्रम के साथ आयोजन रात नौ बजे से आरंभ होगा।
Advertisement