शेयर बाजार में जारी है कोहराम, तीन दिनों में निवेशकों के 13.2 लाख करोड़ डूबे, ये है गिरावट की वजह
मुंबई: घरेलू बाजार में गुरुवार को भी बिकवाली का दबाव बना रहा। ट्रेडिंग सेशन के दौरान बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया और आखिर में लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ। कमजोर ग्लोबल संकेतों और HDFC बैंक के तिमाही नतीजों के बाद स्टॉक में लगातार दूसरे दिन आई गिरावट से सेंसेक्स 313.90 अंक गिरकर 71,186.86 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी 109.70 अंक की गिरावट के साथ 21,462.25 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में कुल गिरावट में अकेले HDFC बैंक का योगदान 305 अंक रहा। शेयर बाजार में आई गिरावट के बीच तीन दिनों में सेंसेक्स 2,141 अंक फिसल चुका है। निफ्टी 635 अंक टूटा है। इससे तीन दिनों में निवेशकों के 13.2 लाख करोड़ रुपये साफ हो गए हैं। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.08% और 0.02% नीचे आए। जानकारों के अनुसार कमजोर ग्लोबल संकेतों ने बाजार को नीचे खींचा है। डाओ जोंस में बुधवार को 0.25% की गिरावट का असर भी गुरुवार को बाजार पर दिखा। विदेशी निवेशकों ने बुधवार को 10,578.13 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
सेमको सिक्योरिटीज के सीईओ जिमित मोदी का कहना है कि पिछले तीन दिनों से जारी करेक्शन के चलते अच्छे क्वॉलिटी के स्टॉक्स में भी इतना करेक्शन आ गया है कि उनके वैल्यूएशन आकर्षक हो गए हैं। अब निवेशकों के लिए उन्हें खरीदने का अच्छा मौका है। यह मंदी का संकेत नहीं, बल्कि करेक्शन है।











