भोपाल । अलग-अलग स्थानों पर बनी चार मौसम प्रणालियों के असर से वातावरण में नमी आ रही है। इस वजह से बादल छाने लगे हैं। इससे जहां दिन के तापमान में गिरावट हो रही है, वहीं कहीं-कहीं हल्की वर्षा भी हो रही है। मंगलवार को प्रदेश में रात का सबसे कम 18 डिग्री सेल्सियस तापमान दतिया में दर्ज किया गया। उधर मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक नर्मदापुरम में 11, नौगांव में एक मिलीमीटर वर्षा हुई। मंडला में बूंदाबांदी दर्ज की गई।
प्रदेश में सबसे अधिक 35.4 डिग्री सेल्सियस तापमान सीधी में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार को ग्वालियर, चंबल, सागर, जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। राजधानी सहित प्रदेश के शेष क्षेत्रों में आंशिक बादल रह सकते हैं। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के आसपास बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तरी हरियाणा पर एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।
इसके अतिरक्त मध्य महाराष्ट्र पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं के साथ नमी आ रही है। इस वजह से बादल छा रहे हैं। साथ ही कहीं-कहीं वर्षा भी हो रही है।
बादल छाने के कारण जहां दिन के तापमान में गिरावट हो रही है, वहां रात के समय हवा का रुख उत्तरी होने से रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है। इस तरह की स्थित बुधवार को भी बनी रह सकती है। उसके बाद रात के तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।











