एमपी के पूर्व विधायक के बेटे ने की चेन स्नेचिंग:अहमदाबाद में बुजुर्ग से झपटी गोल्ड चेन; गर्लफ्रेंड की जरूरतें पूरी करने के लिए की वारदात

एमपी के पूर्व विधायक के बेटे ने की चेन स्नेचिंग:अहमदाबाद में बुजुर्ग से झपटी गोल्ड चेन; गर्लफ्रेंड की जरूरतें पूरी करने के लिए की वारदात

मध्यप्रदेश के भाजपा नेता और पूर्व विधायक का बेटा गुजरात में चेन स्नेचिंग के आरोप में पकड़ा गया है। खास बात यह है कि उसने गर्लफ्रेंड की जरूरतें पूरी करने के लिए ये वारदात की।

आरोपी ने 25 जनवरी की देर शाम को चेन स्नेचिंग की वारदात की। इसका वीडियो भी सामने आया है। अहमदाबाद की घाटलोडिया पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि गर्लफ्रेंड की जरूरतें पूरी करने के लिए उसने पहली बार चेन स्नेचिंग की वारदात की थी और पकड़ा गया।

आरोपी भाजपा नेता और पूर्व विधायक का बेटा आरोपी का नाम प्रद्युम्न सिंह चंद्रावत (उम्र 25 वर्ष) है। वह भाजपा नेता और पूर्व विधायक विजेंद्र सिंह चंद्रावत का बेटा है। विजेंद्र सिंह साल 2008 में मध्यप्रदेश के नीमच जिले के मनासा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं। तब वे कांग्रेस में थे और कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने थे। बाद में सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।

आरोपी घर से भागकर आया था अहमदाबाद पूछताछ में आरोपी प्रद्युम्न सिंह चंद्रावत ने बताया कि कुछ महीनों पहले ही वह माता-पिता और घर को छोड़कर अहमदाबाद आ गया था। यहां पर 15 हजार रुपए महीने की नौकरी करने लगा। नौकरी के दौरान उसे एक लड़की से प्रेम हो गया। लेकिन, 15 हजार की सैलरी में वह गर्लफ्रेंड की जरूरतें पूरी नहीं कर पा रहा था, जिसके चलते वह अपराध की ओर मुड़ गया।

25 जनवरी की देर शाम को की थी वारदात आरोपी प्रद्युम्न सिंह ने 25 जनवरी की देर शाम करीब पौने आठ बजे चेन स्नेचिंग की वारदात की। वीडियो में देख रहा है कि आरोपी एक महिला के पीछे जाता है और फिर मौका पाकर उसके गले से चेन झपट लेता है। इस दौरान महिला नीचे गिर जाती है। ये देखकर वहां से गुजर रहा शख्स आरोपी को पकड़ने के लिए दौड़ता है। तभी आरोपी फरार हो जाता है।

आरोपी प्रद्युम्न सिंह अहमदाबाद के थलतेज इलाके के जयमबेनगर सोसायटी में किराए के मकान में रहता है। उसने मेमनगर के राजवी टॉवर की रहने वाली 65 वर्षीय वसंतीबेन अय्यर के गले से ढाई तोला सोने की चेन झपट ली थी। इस मामले में वसंतीबेन ने घाटलोदिया पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी

250 सीसीटीवी खंगाले, तब पकड़ाया आरोपी पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने घटनास्थल से लेकर सड़कों तक के करीब 250 सीसीटीवी चेक किए। जिसके बाद पुलिस आरोपी प्रद्युम्न सिंह तक पहुंची। पुलिस ने आरोपी के पास से सोने की चेन भी जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।


Advertisement