बैठक में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी विलास भोस्कर ने कहा कि सामाजिक सद्भाव एवं आपसी भाईचारे के साथ गौरवशाली परम्परा एवं शांतिपूर्ण ढंग से होली का त्योहार मनाया जाना हम सब की जिम्मेदारी है। उन्होंने बैठक में उपस्थित समिति के सदस्यों, गणमान्य नागरिकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से आपसी सहयोग और समन्वय कर जिले में शांति, सौहार्द्र और सद्भावना बनाये रखने की अपील की जिससे जिले में हमेशा की भांति उत्साह और उल्लास के साथ पर्व मनाया जा सके।उन्होंने कहा कि जिले में शांति भंग करने वाले असमाजिक तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी एवं आवश्यक कार्रवाई भी होगी। उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को बनाये रखने में सहयोग करने एवं सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वालों की सूचना शीघ्र जिला एवं पुलिस प्रशासन को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकसभा निर्वाचन के मद्देनजर 16 मार्च से आदर्श आचार संहिता प्रभावशील है, जिसके तहत होली त्यौहार में आचार संहिता के नियमों का पालन करना आवश्यक होगा जिसमें आप सभी का सहयोग जरूरी है।
बैठक में उपस्थित समिति के सदस्यों ने होली का पर्व जिले में शांतिपूर्ण, लोक परम्परागत ढंग से मनाए जाने हेतु अपने सुझाव रखे जिसमें होलिका दहन के समय बिजली के तारों का विशेष ध्यान रखते हुए अप्रिय घटना होने की आशंका के मद्देनजर बिजली के तारों के नीचे होलिका दहन ना करने, होली का त्योहार जिले में लोक परम्परागत ढंग से मनाए जाने, आदर्श आचार संहिता के पालन के साथ कानून के दायरे में मनाए जाने, और अनुमति के साथ होली मनाने दिए जाने की बात रखी। सदस्यों ने सुझाव रखे कि होली त्योहार के समय विद्यालय एवं महाविद्यालय की परीक्षाएं भी हैं, इसका ध्यान रख तेज आवाज डीजे पर कार्रवाई की जाए। होली के दो दिन पूर्व चौक चौराहों में जांच, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तीन सवारी पर कार्रवाई हो। आपातकालीन सुविधा जैसे चिकित्सा सेवा, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, मछुआरों एवं गोताखोरों की टीम एक्टिव रहें। शहर के अंदर के साथ ही बाहरी स्थानों पर भी निगरानी हो। होली त्योहार पर अवैध वसूली की भी शिकायत देखने को मिलती है, जिस पर कार्यवाही की जरूरत है। थाना स्तर के कंट्रोल रूम का नम्बर जारी किया जाए, मिठाई की मिलावट, रासायनिक रंगों आदि की जांच हो।
