जातीय जनगणना की रिपोर्ट, नियोजित शिक्षकों को गुड न्यूज, नीतीश कैबिनेट ले सकती है आज ये बड़े फैसले
पटना: बिहार में आज सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में कैबिनेट की बैठक है। जिसमें कई बड़े फैसलों पर मुहर के आसार है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य में हुई जातीय जनगणना की रिपोर्ट आज कैबिनेट में रखी जा सकती है। जिसमें पता चलेगा कि आखिर कास्ट सर्वे को लेकर क्या अपडेट है। मुख्यमंत्री आज नियोजित शिक्षकों को भी गुड न्यूज दे सकते हैं। माना जा रहा कि सरकार उन्हें राज्यकर्मी का दर्जा देने पर फैसला ले सकती है। इसके अलावा भी बिहार कैबिनेट में कई अहम निर्णय होने के आसार हैं।
नीतीश कैबिनेट की बैठक पर निगाहें
पटना में सुबह 11 बजे नीतीश कुमार कैबिनेट की मीटिंग है। जिसमें मुख्यमंत्री जातीय जनगणना की रिपोर्ट सबके सामने रखेंगे। हालांकि, बिहार कास्ट सर्वे का मामला सुप्रीम कोर्ट में है। ऐसे में देखना होगा कि नीतीश कुमार कैबिनेट में जातीय सर्वे पर रिपोर्ट में क्या-क्या बड़ी बाते सामने आती हैं। मुख्यमंत्री लगातार इस मुद्दे पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं विपक्षी पार्टी की तरफ से भी कास्ट सर्वे की रिपोर्ट को लेकर डिमांड सामने आती रही है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसे पेश किया जा सकता है।
नियोजित शिक्षक बनेंगे राज्यकर्मी!
बिहार के साढ़े चार लाख नियोजित शिक्षकों को भी आज गुड न्यूज मिलने के आसार हैं। चर्चा है कि नीतीश कुमार की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट की बैठक में उन्हें राज्यकर्मी का दर्जा दे दिया जाएगा। संभावना है कि इनके वेतन में भी बढ़ोतरी होगी। इसके साथ-साथ कैबिनेट की बैठक में कई दूसरे फैसले भी लिए जाएंगे। वैसे भी सीएम नीतीश कुमार इस समय बेहद एक्टिव मूड में हैं। एक दिन पहले जिस तरह से उन्होंने जेडीयू ऑफिस का दौरा किया। फिर वो राबड़ी आवास भी पहुंचे थे।
तेजस्वी-राबड़ी से मुलाकात में क्या हुई बात?
नीतीश कुमार करीब 10 मिनट तक राबड़ी आवास में रहे। तेजस्वी-राबड़ी से उनकी मुलाकात हुई। हालांकि, लालू यादव उस समय पटना में नहीं थे तो उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। लालू यादव नालंदा में हैं। उनके साथ बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भी हैं। इस बीच नीतीश कुमार के अचानक एक्टिव मोड पर आने से सियासी पारा चढ़ा हुआ है। सवाल यही है कि आखिर नीतीश कुमार की तेजस्वी से मुलाकात में क्या बात हुई।











