भोपाल । गुनगा थाना इलाके में रहने वाले एक अतिथि शिक्षक ने 14 अक्टूबर की सुबह अपने कमरे पर फांसी लगा ली थी। वह हर्राखेड़ा स्कूल में पदस्थ था। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया था। उसमें स्कूल के प्राचार्य व दो अन्य शिक्षकों पर प्रताड़ित करने के साथ ही तीन माह से वेतन नहीं मिलने का भी जिक्र था। पुलिस ने इस मामले में जांच के बाद शुक्रवार को स्कूल के प्राचार्य व दो शिक्षकों पर खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है।
यह है मामला
गुनगा थाना पुलिस के मुताबिक 23 वर्षीय आकाश पुत्र बलराम यादव मूलत: ईसागढ़, जिला अशोकनगर का रहने वाला था। वह हर्राखेड़ा स्थित शासकीय स्कूल में अतिथि शिक्षक के पद पर पदस्थ था। वह हर्राखेड़ा में अरविंद भार्गव के मकान में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। 14 अक्टूबर को सुबह जब वह स्कूल नहीं पहुंचा, तो साथी शिक्षक उसके कमरे पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांककर देखने पर पता चला कि आकाश ने फांसी लगा ली थी। गुनगा थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि मामले की जांच में प्रताड़ना की पुष्टि होने पर स्कूल के प्राचार्य आरोपित प्रकाश विजयवर्गीय और शिक्षक नरेंद्र दुबे एवं छगनलाल साहू के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।











