एक्सप्रेस वे पर पुलिया से नीचे गिरी डोडा चूरा से भरी कार

एक्सप्रेस वे पर पुलिया से नीचे गिरी डोडा चूरा से भरी कार

रतलाम। जिले से गुजरात, पंजाब, हरियाणा व मध्य प्रदेश के अन्य नगरों में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले महू-नीमच हाईवे, जावरा-आगर हाईवे, सैलाना-बाजना आदि मार्गों से करते रहे हैं। अब वे हाल ही में शुरू हुए मुंबई-दिल्ली हाईवे (एक्सप्रेस-वे) से भी तस्करी शुरू हो गई है।

डोडाचूरा से भरे 6 बोरे

रविवार को नाामली थाना क्षेत्र के ग्राम चंदोरिया के पास एक्सप्रेस-वे पर पुलिया से नीचे पानी में गिरी कार को जब पुलिस ने बाहर निकलवाया तो कार में डोडाचूरा से भरे छह बोरे पाए गए। इन बोरों में एक क्विटंल से अधिक डोडाचूरा बरामद किया गया।

15 फीट नीचे पानी में जा गिरी थी कार

जानकारी के अनुसार एक्सप्रेस वे पर नौगांवाकला व धामनोद के बीच ग्राम चंदोरिया के पास स्थित पुलिया से कार जीजे-09/बीडी-7406 करीब 15 फीट नीचे पानी में जा गिरी। ड्राइवर कार से निकलकर भाग निकला। एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में जब कर्मचारियों ने सुबह 9.34 बजे कार पुलिया से नीची गिरी देखी तो पुलिस को सूचना दी। पहले माना जा रहा था कि कार में कोई यात्री होगा, लेकिन कोई यात्री नहीं मिला।

ग्रामीण गोताखोरों की मदद से बाहर निकाली

क्रेन बुलवाने के बाद कुछ ग्रामीण गोताखोरों की मदद से दोपहर में कार को बाहर निकाला गया। नामली थाने पर लाने के बाद कार खोलकर चेक की तो उसमें सफेद छह बोरों में डोडाचूरा पाया गया। पांच बोरे गीले व एक सूखा था। सूखे बोरे का वजन करने पर उसमें करीब 19 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा भरा हुआ था।

कार ड्राइवर की तलाश

पुलिस ने बताया कि कार ड्राइवर की तलाश की जा रही है। उसके मिलने के बाद ही पता चलेगा कि कार में वह अकेला था या अन्य लोग भी थे, और डोडाचूरा कहां से लेकर कहां जा रहे थे। वहीं सभी छह बोरों का वजन करीब 2.41 क्विंटल पाया गया। अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

Advertisement