'अमेरिका से अधिक तेल और गैस खरीदें या ज्यादा टैक्स दें', ट्रंप ने किसे दे दी यह धमकी? जानें क्या होगा असर
नई दिल्ली: अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने देश का भला करने के लिए दूसरे देशों पर दबाव बनाने लगे हैं। उन्होंने यूरोपीय संघ (ईयू) को धमकी दी कि वह अमेरिका से तेल और गैस खरीदकर अमेरिका के साथ अपने व्यापार घाटे को कम करे। अगर यूरोपीय संघ ऐसा नहीं करता है तो उसके ऊपर टैरिफ यानी ज्यादा टैक्स लगा दिया जाएगा।अमेरिकी आंकड़ों के अनुसार साल 2022 में अमेरिका और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार घाटा 131.3 बिलियन डॉलर था। वहीं यूरोपीय आयोग के प्रवक्ता ओलोफ गिल ने सीएनबीसी को जवाब देते हुए कहा, 'यूरोपीय संघ और अमेरिका की अर्थव्यवस्थाएं काफी गहरी हैं। इसमें संतुलित व्यापार और निवेश है। हम ट्रंप के साथ चर्चा करने के लिए तैयार हैं कि हम पहले से ही मजबूत संबंधों को और कैसे मजबूत कर सकते हैं। इसमें एनर्जी सेक्टर में हमारे साझा हितों पर चर्चा करना भी शामिल है।'











