भोपाल। शहर के लालघाटी क्षेत्र में स्थित 200 करोड़ रुपये कीमत की लगभग 20 एकड़ जमीन पर सीआइ बिल्डर ने कब्जा जमा रखा था। बिल्डर के इस कब्जे पर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई करते हुए भूमि को मुक्त कराया। बैरागढ़ एसडीएम आदित्य जैन पुलिस बल के साथ लालघाटी पहुंचे, जहां इस जमीन पर खड़ी 400 गाड़ियों को हटाने और शेड तोड़ने की कार्रवाई की गई। सीआइ बिल्डर के संचालक राकेश मलिक ने विरोध दर्ज कराया है।
यार्ड बनाकर खड़ी कर रखी थी गाड़ी
सीआइ बिल्डर ने 14 साल पहले 22 करोड़ रुपये में जमीन का सौदा किया था, लेकिन समय के साथ सौदा टलता गया। इससे जमीन मालिक रजिस्ट्री कराने के लिए 43 करोड़ रुपये की मांग कर रहे थे। दोनों में विवाद बढ़ता जा रहा है और उनके इस मामले को लेकर कलेक्टर आशीष सिंह के यहां भी सुनवाई चल रही है। जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर शुक्रवार को बिल्डर राकेश मलिक को तत्काल जमीन खाली करने के आदेश दिए। बिल्डर ने इस जमीन पर डंपिग यार्ड बनाकर चार पहिया वाहनों को पार्क कर रखा था।
100 रुपये के स्टांप पर किया सौदा, दिए चेक हुए बाउंस
फरियादी सतीश बच्चानी ने बताया कि लालघाटी में उनके भाइयों की संयुक्त जमीन करीब 19 एकड़ है। यह जमीन सतीश कुमार, ताराचंद्र, रमेशचंद्र, प्रकाशचंद्र, राजकुमार, लक्ष्मणदास व अन्य के नाम से दर्ज है। 2009 में 100 रुपए के स्टांप पर सीआइ के मालिक राकेश मलिक पिता जेपी मलिक से करीब 43 करोड़ रुपए में सौदा हुआ था। उसने हमें चेक दिए, लेकिन सभी चेक बाउंस हो गए। इधर राकेश मलिक का कहना है कि वह चेक के माध्यम से इस जमीन के अब तक सात करोड़ रुपए दे चुके है। बच्चानी परिवार अब इस जमीन के 40 करोड़ रुपए और मांग रहा है।











