पंजाब किंग्स की विनिंग स्ट्रीक तोड़ राजस्थान रॉयल्स ने बनाया महारिकॉर्ड, RCB और हैदराबाद को छोड़ा पीछे
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 40वां मुकाबला पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच बीते 28 अप्रैल को मुल्लांपुर में खेला गया। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया। बता दें कि पंजाब किंग्स इस सीजन पहली बार कोई मैच हारी है। उनकी विनिंग स्ट्रीक भी टूट गई है। इससे पहले पंजाब ने 7 मैचों में से 6 में जीत दर्ज की थी जबकि 1 मुकाबले का कोई नतीजा नहीं निकला था। वहीं राजस्थान रॉयल्स ने इस जीत से बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
हैदराबाद और बेंगलुरु से आगे निकली राजस्थान
पंजाब किंग्स ने टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 222 रन बनाए थे। 223 रन का टारगेट राजस्थान ने 19.2 ओवर में 6 विकेट रहते चेज कर लिया। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने सबसे ज्यादा बार 200 प्लस टारगेट को चेज करने के मामले में आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद को भी पीछे छोड़ दिया। बता दें कि आरसीबी और एसआरएच ने 200 प्लस का टारगेट आईपीएल में 5 बार चेज किया है।राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल में 200 प्लस टारगेट चेज करते हुए 6 मैच जीत लिए हैं। उन्होंने इस लिस्ट में मुंबई इंडियंस की बराबरी कर ली है। बता दें कि आईपीएल में 200 प्लस टारगेट सबसे ज्यादा 10 बार चेज करने का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम है।











