बॉक्सर विजेंदर ने कहा- राजनीति नहीं छोड़ी बोले- साक्षी मलिक के संन्यास से खेल जगत दुखी

बॉक्सर विजेंदर ने कहा- राजनीति नहीं छोड़ी बोले- साक्षी मलिक के संन्यास से खेल जगत दुखी

हरियाणा के ओलिंपियन बॉक्सर विजेंदर सिंह ने पॉलिटिक्स से तौबा पर यूटर्न ले लिया है। उन्होंने कहा कि राम- राम का मतलब संन्यास नहीं है। हम सब आपस में राम-राम करते हैं। ऐसे ही मैंने राजनीति को राम-राम किया है। इसे राजनीति छोड़ना न समझा जाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हिसार, भिवानी, सोनीपत या कहीं और से भी चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी मुझे सौंपती है तो मैं उसके लिए तैयार हूं।

इसके साथ उन्होंने साक्षी मलिक पर भी बयान दिया है। उन्होंने कहा कि खेल जगत पहलवान साक्षी मलिक के संन्यास से परेशान है। हम हर स्टेडियम और हर अखाड़े में जाएंगे। वहां खिलाड़ियों से महिला सुरक्षा, एथलीटों के रोजगार के बारे में बात करेंगे। हम उनके साथ खड़े रहेंगे।


इसलिए राजनीति से संन्यास लेने की चर्चा शुरू हुई
विजेंदर ने बीत कल यानी गुरुवार सुबह 6 बजे सोशल मीडिया (X) पर एक पोस्ट डाली था। जिसमें लिखा- ''राजनीति को राम-राम भाई''। उनके इस बयान से कयास लगाए गए कि उन्होंने पॉलिटिक्स से तौबा कर ली है, लेकिन अब उन्होंने इन कयास पर विराम लगा दिया है।

2024 में भिवानी से चुनाव लड़ने का किया था ऐलान
इससे पहले विजेंदर सिंह ने हरियाणा के भिवानी से कांग्रेस की टिकट पर लोकसभा चुनाव 2024 लड़ने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि यह फैसला पार्टी करेगी। इसके बाद उनकी आम आदमी पार्टी में शामिल होने की भी चर्चाएं शुरू हो गई थीं। विजेंदर सिंह ने किसान आंदोलन का भी समर्थन किया था।

2019 में लड़ा था लोकसभा चुनाव
साल 2019 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले विजेंदर सिंह ने राजनीति में कदम रखा था। कांग्रेस ने साउथ दिल्ली सीट से विजेंदर सिंह को मैदान में उतारा था, मगर यहां उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा था। विजेंदर सिंह जाट समुदाय से आते हैं। उन्होंने 2008 बीजिंग ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इतना ही नहीं, एशियन गेम्स में उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।



Advertisement