भिलाई में 2 परिवार के बीच खूनी संघर्ष :लड़की से मिलने पर मना किया तो चाकू, लाठी-डंडे से हमला, 3 की हालत गंभीर

भिलाई में 2 परिवार के बीच खूनी संघर्ष :लड़की से मिलने पर मना किया तो चाकू, लाठी-डंडे से हमला, 3 की हालत गंभीर

छत्तीसगढ़ के भिलाई में 2 मुस्लिम परिवारों के बीच जमकर लाठी, डंडा, चाकू और लात-घूंसे चले। झगड़े का कारण लड़की से मिलने से मना करना बताया जा रहा है। घटना में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर अपराध दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक फरीद नगर में दो परिवार के बीच पुराना परिचय और घर आना जाना था। इस बीच एक घर के लड़के ने दूसरे घर की लड़की से बात करना शुरू कर दिया।

लड़की और मां का नंबर सोशल मीडिया पर डाला

दोनों की नजदीकियां देखकर जब लड़की के घरवालों ने लड़की को मना किया तो उसने लड़के से बात करना बंद कर दिया। इससे लड़का इतना नाराज हुआ कि उसने लड़की को मारने की धमकी दी।

इसके बाद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लड़की और उसकी मां का मोबाइल नंबर भी डाल दिया। बुधवार रात लड़का कुछ लोगों के साथ लड़की के घर पहुंच गया और झगड़ा करने लगा।

जब लड़की के घरवालों ने उसका विरोध किया तो उसने चाकू, लात घूंसे और लाठी-डंडे से उनके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। इस पूरी घटना में 3 लोगों को गहरी चोट आई है। उन्हें दे रात लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया।

मारपीट का वीडियो हो रहा वायरल

इस पूरी वारदात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि लड़का कुछ लोगों के साथ लड़की के घर पहुंचा। वहां उसने गाली-गलौज करते हुए लड़की से बात करने का दबाव बनाया। जब लड़की के घर वालों ने उसका विरोध किया तो उसने दोस्तों के साथ उनके साथ चाकू लेकर मारपीट शुरू कर दी।


Advertisement