भोपाल । मतदाता सूची में जो नए मतदाता जोड़े गए हैं, उनकी सूची राजनीतिक दलों को अलग से दी जाए। साथ ही दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं की सूची भी उपलब्ध कराई जाए। यह मांग प्रदेश भाजपा के महामंत्री भगवानदास सबनानी ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन से बुधवार को की। वहीं, कांग्रेस की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी धनोपिया ने सेवा मतदाताओं की आयु नहीं बताए जाने पर आपत्ति उठाई।
बैठक में दी मतदाता सूची के बारे में जानकारी
बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से मतदाता सूची के संबंध में जानकारी दी गई। भाजपा के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि किसी मकान में मतदाताओं की संख्या में अत्यधिक वृद्धि होती है तो उसकी गहन जांच की जाना चाहिए। जिन 123 मतदान केंद्रों को अन्य मतदान केंद्रों में जोड़ा गया है, उनके मतदाताओं को संबंधित मतदान केंद्रों की सूची में जोड़ा गया है कि नहीं, यह भी सुनिश्चित किया जाए।
भाजपा की यह मांग भी
भाजपा के प्रतिनिधियों ने मांग की कि मतदान केंद्र से 100 मीटर की दूरी से बाहर के स्थान पर लगाए गए विकास कार्यों के बोर्ड, फ्लेक्स आदि पर पुताई न हो और न ही कोई कार्रवाई प्रशासन करे।
कांग्रेस ने यह मांग की
उधर, कांग्रेस ने मतदाता सूची को बूथ लेवल आफिसर को उपलब्ध कराने की मांग करते हुए 75 हजार सेवा मतदाताओं की आयु नहीं बताने पर आपत्ति उठाई। इस पर निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि इसे शामिल कर लिया जाएगा।
चुनाव के बाद नाम हटाने की प्रक्रिया
वहीं, चुनाव की घोषणा होने के बाद मतदाता सूची से नाम नहीं हटाने पर भी आवेदन पत्र लेने के औचित्य पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि चुनाव के बाद इनके नाम हटाने की प्रक्रिया की जाएगी। नाम जोड़ने के आवेदन नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के दस दिन पूर्व तक लिए जाएंगे।











