भाजपा ने संदेशखाली पर डॉक्यूमेंट्री जारी की:कहा- सच अंतरात्मा झकझोर देगा, ममता इसे छिपा रहीं

भाजपा ने संदेशखाली पर डॉक्यूमेंट्री जारी की:कहा- सच अंतरात्मा झकझोर देगा, ममता इसे छिपा रहीं

बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं से यौन उत्पीड़न मामले में भाजपा ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म जारी की है। भाजपा ने लिखा- संदेशखाली का ऐसा सच जो हमारी अंतरात्मा को झकझोर कर रख देगा। ममता बनर्जी इस सच को छिपाने की कोशिश कर रही हैं।

20 मिनट 41 सेकेंड की डॉक्यूमेंट्री में संदेशखाली की महिलाएं अपने अनुभव बता रही हैं। इसमें एक महिला ने दावा किया कि TMC नेता शिबप्रसाद हाजरा यानी शिबू हाजरा उन्हें घर से उठवाकर ले जाता था। TMC के लोग लड़कियों की सुंदरता देखकर उन्हें अपने साथ ले जाते थे। उनके लिए लड़कियां एंटरटेनमेंट थीं।

एक महिला ने बताया कि शिबू हाजरा के लोग रात के दो बजे बुलाने आते थे। कहते थे कि दादा (शिबू हाजरा) बुला रहे हैं। उनका आदेश मतलब भगवान का आदेश। मैं रात के दो बजे जाती थी और सुबह 5 बजे आती थी। मैं दुकान चलाती हूं। उनके बुलाने पर नहीं जाती तो मेरी दुकान तोड़ देते।

एक शख्स ने डॉक्यूमेंट्री में बताया कि TMC के लोग मुझे ले गए थे। मेरे बच्चे को फेंक दिया। मेरी पत्नी के साथ मारपीट की और कहा कि जाकर शाहजहां शेख से मिलो। मुझसे कहा कि TMC का झंडा पकड़ो नहीं तो मारे जाओगे।

DGP बोले- दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे

इधर, बंगाल के DGP राजीव कुमार बुधवार को संदेशखाली गए। उन्होंने रात भर वहां रुक कर हालात का जायजा लिया। गुरुवार को कोलकाता लौटने के बाद DGP राजीव ने कहा कि पुलिस संदेशखाली में हर व्यक्ति की शिकायत सुनेगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। अगर लोगों को टॉर्चर करने में कोई शामिल होगा, तो हम उसके खिलाफ एक्शन लेंगे।

शेड्यूल ट्राइब्स और ह्यूमन राइट्स कमीशन ने मांगी रिपोर्ट

नेशनल कमीशन फॉर शेड्यूल ट्राइब्स (NCST) की एक टीम गुरुवार को संदेशखाली गई है। NCST के वाइस चैयरमैन अनंत नायक ने कहा कि आयोग को संदेशखाली से शिकायत मिली है। हम उसी मामले में वहां जा रहे हैं। हम DGP राजीव कुमार और बंगाल के चीफ सेक्रेटरी बीपी गोपालिका से रिपोर्ट मांगेंगे। हमने उन्हें तीन दिन का समय दिया है। संदेशखाली मामले की जांच के लिए नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन (NHRC) की एक विशेष टीम भी गुरुवार को संदेशखाली का दौरा करेगी। NHRC ने भी चीफ सेक्रेटरी और DGP को नोटिस जारी कर आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर चार हफ्ते के भीतर रिपोर्ट मांगी है।

संदेशखाली मामले में TMC के 3 नेता आरोपी, इनमें दो गिरफ्तार

संदेशखाली में TMC नेता शेख शाहजहां और उसके दो साथियों शिबू हाजरा और उत्तम सरदार पर आरोप है कि वे महिलाओं का गैंगरेप कर रहे थे। इस केस में शिबू हाजरा और उत्तम सरदार समेत 18 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शाहजहां फरार है। शाहजहां शेख TMC का डिस्ट्रिक्ट लेवल का नेता है। राशन घोटाले में ED ने 5 जनवरी को उसके घर रेड की थी। तब शाहजहां के 200 से ज्यादा सपोर्टर्स ने टीम पर अटैक कर दिया। अफसरों को जान बचाकर भागना पड़ा। तभी से शाहजहां शेख फरार है। हालांकि संदेशखाली के लोगों का कहना है कि वो कहीं नहीं गया, यही हैं।

Advertisement