भाजपा सरकार ने बिजली बिल माफी के नाम पर जनता को दिया धोखा- कांग्रेस

भाजपा सरकार ने बिजली बिल माफी के नाम पर जनता को दिया धोखा- कांग्रेस

भोपाल। कांग्रेस ने शिवराज सरकार पर एक किलोवाट तक के बिजली उपभोक्ताओं से धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक किलोवाट तक के बिल माफ करने की जो घोषणा की थी, वह धोखाधड़ी थी। किसी भी उपभोक्ता का बिल माफ नहीं किया गया। ऊर्जा विभाग ने आदेश भी केवल बिल स्थगित करने का निकाला। वहीं, दूसरी ओर उपभोक्ताओं की खपत बिना बताए एक किलोवाट से बढ़ाकर दो किलोवाट कर दी, ताकि किसी को माफी न देनी पड़े। उन्होंने आरोप के समर्थन में तीन लाख 85 हजार उपभोक्ताओं के दस्तावेज भी प्रस्तुत किए।

बिल माफी का झांसा दिया और चुपके से बढ़ा दिया भार

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुई पत्रकारवार्ता में सुरजेवाला ने कहा कि एक सितंबर 2023 को जारी आदेश में बिल माफ करने के स्थान पर एक किलोवाट तक के सभी उपभोक्ताओं के बिलों की राशि को स्थगित करने का आदेश दिया। तीनों विद्युत वितरण कंपनियों ने एक किलोवाट के 18-20 लाख उपभोक्ताओं के विद्युत खपत के भार को बढ़ाकर दो किलोवाट कर दिया ताकि किसी के बिल माफ न करने पड़े। खपत में वृद्धि के लिए किसी से सहमति भी नहीं ली, जो नियमों का उल्लंघन है। इससे उपभोक्ताओं को अधिक राशि चुकानी पड़ेगी यानी राहत देने की जगह और आर्थिक भार डाल दिया। उन्होंने आरोप के समर्थन में दावा किया कि हमने 21 जिलों के 38 डिवीजन के डेटा का अध्ययन किया तो यह पाया कि तीन लाख 85 हजार 953 उपभोक्ताओं को बगैर सूचित किये उनके भार की वृद्धि कर दो किलोवाट कर दिया गया। भाजपा सरकार से पांच सवाल पूछते हुए उन्होंने बिजली उपभोक्ताओं से की गई धोखाधड़ी का जवाब भी मांगा।

Advertisement