मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ बीजेपी उतार सकती हैं युवा नेता, पढ़ें कौन हैं सरदारपुरा से चर्चा में आए रविंद्र सिंह भाटी
जोधपुर/जयपुर: राजस्थान में बीजेपी की तीसरी लिस्ट को लेकर उम्मीदवारों के नामों को लेकर गहन मंथन चल रहा है। इस बीच शनिवार को कांग्रेस की ज्योति खंडेलवाल, पंडित सुरेश मिश्रा और युवा नेता रविंद्र सिंह भाटी समेत कई नेता बीजेपी में शामिल हुए हैं। इन नेताओं के बीजेपी में शामिल होने को लेकर सियासत में जमकर हलचल मची हुई है। वहीं युवा नेता रविंद्र सिंह भाटी बीजेपी की सियासत में सुर्खियों में आ चुके हैं। माना जा रहा है कि बीजेपी की तीसरी लिस्ट में उनके नाम पर मुहर लग सकती है। सियासी चर्चा यह भी है कि उन्हें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने सरदारपुरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाया जा सकता है। इस रिपोर्ट से समझते हैं कि युवा नेता रविंद्र सिंह भाटी कौन हैं? क्या मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को चुनौती दे सकते हैं?बीजेपी में शामिल होकर सुर्खियों में आए भाटी
राजस्थान में विधानसभा चुनाव को लेकर काफी समय से सियासी चर्चाएं थी कि कांग्रेस के कुछ नेता बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। इसको लेकर भाजपा के नेताओं ने अपने बयानों में कई बार संकेत भी दिए। बीते शनिवार को पूर्व विधायक चंद्रशेखर वेद, पूर्व विधायक नंदलाल पूनिया, जयपुर की पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल, झुंझुनूं से हरिसिंह सहारण, कांग्रेस नेता सांवरमल महेरिया, केसरसिंह शेखावत, भीम सिंह पिका, जयपाल सिंह और युवा नेता रविंद्र सिंह भाटी बीजेपी में शामिल हुए। इसके बाद से रविंद्र भाटी सियासत में काफी सुर्खियों में हैं। माना जा रहा है कि उन्हें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने सरदारपुरा विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरा जा सकता है।
गहलोत के सामने उतरने को लेकर सियासत में चर्चा
राजस्थान में बीजेपी 76 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों को लेकर मंथन में जुटी हुई है। बीजेपी अब तक दो लिस्ट के जरिए 124 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। इस बीच कांग्रेस के कई बड़े नेता बीजेपी में शामिल हुए। इसके बाद से बीजेपी की तीसरी लिस्ट को लेकर हाई कमान काफी मंथन में जुट गया है। चर्चा है कि बीजेपी में शामिल होने वाले कुछ नेताओं के नाम तीसरी सूची में आ सकते हैं। इनमें रविंद्र सिंह भाटी का नाम काफी चर्चा में है। भाटी जोधपुर विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में काफी सक्रिय रहे हैं। रविंद्र सिंह भाटी को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने सरदारपुरा विधानसभा सीट पर उतारने की काफी सियासी चर्चा है। हालांकि रविंद्र सिंह शिव विधानसभा से अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं।











