बिहार-झारखंड को भी मिलने जा रही है वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, अब बचा है एक ही राज्य

बिहार-झारखंड को भी मिलने जा रही है वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, अब बचा है एक ही राज्य
नई दिल्ली: लंबे इंतजार के बाद बिहार और झारखंड को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Vande Bharat Express Train) मिलने जा रही है। बिहार की राजधानी पटना से झारखंड की कैपिटल रांची के बीच इसका ट्रायल चल रहा है। जल्दी ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) इसे हरी झंडी दिखा सकते हैं। सरकार ने जून तक सभी राज्यों में वंदे भारत शुरू करने का लक्ष्य रखा था। देश के अधिकांश राज्यों में वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू की जा चुकी है। गोवा में महीने की शुरुआत में वंदे भारत ट्रेन मिलने जा रही थी लेकिन बालासोर में हुए रेल हादसे के कारण इसके लॉन्च प्रोग्राम को कैंसल कर दिया गया था। गोवा के लिए मुंबई से वंदे भारत ट्रेन शुरू की जा रही है। अब केवल एक ही राज्य रह गया है जिसे अब तक वंदे भारत ट्रेन नहीं मिली है। यह राज्य पंजाब है।


पंजाब सरकार लंबे समय से भटिंडा और अमृतसर से दिल्ली के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग कर रही है। वैसे अभी दो वंदे भारत ट्रेन पंजाब से होकर गुजरती हैं। नई दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के कटरा के बीच चलने वाली वंदे भारत का लुधियाना में स्टॉपेज है। यह देश की दूसरी वंदे भारत ट्रेन थी जिसे तीन अक्टूबर, 2019 में शुरू किया गया था। इसी तरह नई दिल्ली से हिमाचल के अंब अदौरा के बीच चलने वाली वंदे भारत भी पंजाब के चंडीगढ़ और आनंदपुर साहिब में रुकती है। यह ट्रेन 13 अक्टूबर, 2022 को शुरू की गई थी। सरकार ने आजादी का अमृत महोत्सव के मौके पर 75 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का लक्ष्य रखा था लेकिन अब तक केवल 18 वंदे भारत ही शुरू हो पाई है।
Advertisement