शमी और भुवनेश्वर को लेकर बड़ा दावा, पूर्व क्रिकेटर ने कहा- उनका समय अब निकल चुका है

शमी और भुवनेश्वर को लेकर बड़ा दावा, पूर्व क्रिकेटर ने कहा- उनका समय अब निकल चुका है
भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है। इस टीम में मोहम्मद शमी की वापसी की उम्मीद लगाई जा रही थी, लेकिन चयनकर्ताओं ने शमी पर भरोसा नहीं दिखाया। कई युवा गेंदबाजों को टीम में शामिल किया गया। खिलाड़ियों को मैनेज करने के लिए एशियन गेम्स की टीम भी बदल दी गई, लेकिन मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़ियों को मौका नहीं दिया गया। इसके बाद पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने कहा है कि शायद शमी और भुवनेश्वर के लिए टीम इंडिया के दरवाजे बंद हो चुके हैं।

मोहम्मद शमी ने चोट से वापसी करने के बाद घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। भारत की वनडे टीम में उनकी वापसी की संभावना थी, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया।

भुवनेश्वर के लिए भी बंद हुए दरवाजे

भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी ने एक साथ भारत के लिए करियर की शुरुआत की थी। अब दोनों गेंदबाज लगभग एक जैसी स्थिति में हैं। भुवनेश्वर कुमार ने भी आईपीएल में लगातार 2 सीजन अच्छा प्रदर्शन किया। इसके अलावा घरेलू टी20 लीग में भी उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की है। उन्हें टी20 टीम में जगह दी जा सकती थी, लेकिन चयनकर्ता युवा गेंदबाजों पर ज्यादा भरोसा दिखा रहे हैं।

आकाश चोपड़ा ने रखी अपनी राय

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'मुझे लगता है कि जब आप शमी और भुवी के नजरिए से चीजों को देखते हैं तो साफ दिखता है। टी20 में आप भुवी के बारे में सोच सकते थे। वनडे में आप मोहम्मद शमी के बारे में सोच सकते थे, लेकिन आप उनके बारे में नहीं सोच रहे हैं। इतनी सारी टीमें, इतना ओवरलैप, इतने सारे नए खिलाड़ियों को मौके मिलना, आकिब नबी का वनडे टीम में होना, मयंक यादव और प्रिंस यादव का टी20 सेटअप में आना और न तो भुवी और न ही शमी का होना। मुझे लगता है कि यह हमें कुछ बताता है। यह शायद कुछ ऐसा है, जिसे हमें स्वीकार करना होगा, इसके साथ समझौता करना होगा और आगे बढ़ते रहना होगा। मुझे ऐसा लगता है।'
Advertisement