भोपाल । भाजपा प्रदेश कार्यालय में अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक हुई। बैठक को केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव होना है। इस दौरान भ्रम फैलाए जाएंगे। हमें इनका जवाब देना होगा। समाज के अंदर द्वंद फैलाने वालों को जवाब देने के लिए अनुसूचित जाति मोर्चा नियमित बैठकें कर समाज को जागरूक करे। 150 सीटों के विजय संकल्प के अभियान को लेकर आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने डा. भीमराव आंबेडकर को लोकसभा में जाने से रोका। उन्हें भारतरत्न न मिले, इसका षड़यंत्र किया। भाजपा गरीब मुक्त भारत के लिए काम कर रही है, इसलिए मध्य प्रदेश में अधिक से अधिक सीटों पर चुनाव जीतना होगा।
अजा मोर्चा को हारने वाले बूथों पर अधिक ध्यान दें
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा को हारने वाले बूथों पर सबसे अधिक ध्यान देना होगा। आज मुस्लिम समाज का भी भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ा है। सरकार की योजनाओं से इस वर्ग का जीवन स्तर बदला है। इसी का नतीजा है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अनुसूचित जाति वर्ग का सबसे अधिक वोट भाजपा को मिला है। मोर्चा कार्यकर्ताओं को घर-घर पहुंचकर सरकार की नीतियों से रूबरू कराकर उन्हें भाजपा के प्रति विश्वास दिलाना है।
26 हजार बूथों को जीतने के लिए करना होगा काम
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि हमें बूथ स्तर पर मजबूती के साथ चुनाव की तैयारी करनी होगी। चुनाव में अनुसूचित जाति मोर्चा की बड़ी जिम्मेदारी रहने वाली है। समाज में वैमनस्यता फैलाने वालों को हमें विकास कार्यों के बल पर जवाब देना होगा। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं के हितग्राहियों की सूची बनाकर सतत संपर्क और उन्हें पार्टी की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास करें। मोर्चा कार्यकर्ता प्रदेश के 26 हजार अनुसूचित जाति वर्ग के मतदान केंद्रों पर छूटे हुए नामों को मतदाता सूची में जुड़वाएं। छोटे स्तर पर सरपंच, पंच, जनपद सदस्य, चिकित्सक, फेरी वाले व अन्य लोगों का बड़ा संपर्क और अनुभव होता है, उन्हें पार्टी से जोड़ने का प्रयास करें।











