राजा भोज एयरपोर्ट जनवरी से जून 2025 के बीच हुए पहले राउंड के पैसेंजर सेटिस्फेक्शन सर्वे में पहले नंबर पर आया है। इसके पहले हुए जुलाई से दिसंबर 2024 के दूसरे राउंड के सर्वे में राजा भोज एयरपोर्ट को 15वां स्थान मिला था। छह महीने में राजा भोज एयरपोर्ट 14 स्थान ऊपर जाकर उदयपुर और खजुराहो के साथ सर्वे में 5 में से 5 नंबर प्राप्त कर पहले नंबर पर पहुंच गया है।
वहीं, गया एयरपोर्ट को पैसेंजर सेटिस्फेक्शन सर्वे में दूसरा स्थान मिला है। जबकि जम्मू के साथ विजयवाड़ा का एयरपोर्ट इस सर्वे में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। देश के 60 एयरपोर्ट पर हुए जनवरी से जून 2025 के बीच के पहले राउंड के सर्वे में यह रिजल्ट सामने आए हैं।
सेवाओं में सुधार कर आया अव्वल
राजा भोज एयरपोर्ट के डायरेक्टर रामजी अवस्थी का कहना है कि यात्रियों ने हमारी सेवाओं को सराहा है। इसलिए हम एक बार फिर वर्ष 2023 के बाद पहले नंबर पर आ गए हैं। राजा भोज एयरपोर्ट को जमीनी परिवहन, पार्किंग की सुविधा, बैगेज कार्ट, चेकिंग स्टाफ की दक्षता सहित 33 पॉइंट पर हुए सर्वे में यात्रियों ने पिछली बार के मुकाबले ज्यादा अंक प्रदान किए
मई के मुकाबले कम यात्रियों ने किया सफर
राजा भोज एयरपोर्ट से जून 2025 में कुल 1,36,675 यात्रियों ने सफर किया। मई के आंकड़ों पर नजर डालें तो मई 2025 में भोपाल एयरपोर्ट से 1,40,621 यात्रियों ने सफर किया। इस तरह करीब 4,000 यात्रियों की कमी मई के मुकाबले जून के महीने में हुई। पिछले साल जून 2024 में यह संख्या 1,33,922 थी। इस साल जून में यात्रियों की संख्या में पिछले साल के जून के महीने के मुकाबले 2,753 की बढ़ोतरी हुई।











