नए वर्ष के पहले दिन की शुरुआत, मंदिरों में दर्शन करेंगे शहरवासी

नए वर्ष के पहले दिन की शुरुआत, मंदिरों में दर्शन करेंगे शहरवासी

भोपाल । वर्ष-2023 के अंतिम दिन रविवार को शहर के मंदिरों व घरों में विशेष पूजा-पाठ,हवन,सुंदरकांड,अखंड रामायण पाठ आदि का आयोजन किया गया। राजधानी के सभी प्रमुख मंदिरों ,गुरुद्वारे,गिरजाघरों और मस्जिद में जाकर भगवान से बीते हुए साल की गलतियों के लिए क्षमा मांगी। आने वाले नए वर्ष में खुशहाली के लिए प्रार्थना की। देर रात से ही शहर में जगह-जगह नव वर्ष का स्वागत शुरू हो गया। लोगों ने एक दूसरे नए वर्ष की बधाई दीं। नव वर्ष को लोग अपने जीवन की अच्छाइयों से जोड़ते हैं। इसके लिए वह साल के पहले दिन भगवान के दर्शन करने पहुंचते हैं।

वर्ष 2024 का आगाज सोमवार से हो रहा है। बिड़ला मंदिर, गुफा मंदिर, माता मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भक्त पहुंचेंगे। राजधानी के आसपास के मंदिरों में भक्त पहुंचेंगे। जिसमें भोजपुर,सीहोर स्थित चिंतामन गणेश मंदिर व सलकनपुर स्थित मां विजयासन आदि मंदिर जाएंगे। भक्त घर-परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। तो वहीं सकारात्मक सोच और नए संकल्प के साथ नए साल की शुरुआत करेंगे। कंकाली माता धाम में भी दर्शनार्थियों की भारी भीड़ लगेगी। यहां भी सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। दर्शनार्थियों के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। भीड़ को देखते हुए परिसर में बेरिकेट्स लगाए जाएंगे।

वहीं भोजपुर स्थित शिवालय में नए साल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यहां दिन भर में तकरीबन 60 हजार दर्शनार्थी पहुंचेंगे। मंदिर के महंत पवन गिरि ने बताया कि साल के पहले दिन दर्शनार्थियों को देखते हुए गाड़ी पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था के बेहतर इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही मंदिर में अभिषेक, श्रृंगार होगा। लक्ष्मीनारायण बिड़ला मंदिर वर्ष के पहले दिन पूरे दिन खुला रहेगा। मंदिर के पट सुबह से रात्रि तक दर्शनार्थियों के लिए खुले रहेंगे। मंदिर के प्रबंधक केके पांडे ने बताया कि नए साल पर मंदिर में बड़ी संख्या में दर्शनार्थी पहुंचते हैं, इसे देखते हुए मंदिर सुबह से रात्रि नौ बजे तक खुला रहेगा। आम दिनों में दोपहर में मंदिर के पट बंद हो जाते हैं। इधर नेहरू नगर स्थित महालक्ष्मी मंदिर करुणाधाम आश्रम में नए साल पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। मंदिर के शाश्वत शांडिल्य ने बताया कि मंदिर परिसर में दो सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। फूड जोन भी होगा। 40 से अधिक युवा आश्रम के परिधानों में रहेंगे और व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।

Advertisement