चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) नितिन कौशिक का कहना है कि आईफोन तो एप्पल बेच रहा है, लेकिन असली कमाई तो भारतीय बैंक कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बारे में अपनी बात पूरी कैलकुलेशन के जरिए समझाई है। अपनी पोस्ट में उन्होंने बताया कि भारत में लोग महंगे स्मार्टफोन क्यों खरीदते हैं। उन्होंने लिखा है कि भारत में आईफोन 17 एप्पल के लिए सोने की खान नहीं है... यह बैंक हैं। इसका मतलब है कि एप्पल से ज्यादा फायदा तो बैंकों को हो रहा है। उन्होंने इसे कड़वा सच बताया है।
कैसे अमीर हो रहे बैंक?
नितिन कौशिक के अनुसार, आईफोन 17 (256GB) की कीमत 82,900 रुपये है। भारत में लगभग 10 लाख लोग इसे खरीद सकते हैं। इनमें से लगभग 70% यानी 7 लाख ग्राहक इस फोन को ईएमआई पर खरीदेंगे।कौशिक ने हिसाब लगाया कि अगर कोई 12 महीने की ईएमआई पर 14% ब्याज देता है, तो उसे हर महीने 7443 रुपये देने होंगे। इस तरह वह 6420 रुपये ब्याज के रूप में ज्यादा देगा। ऐसे 7 लाख ग्राहकों से भारतीय बैंकों को सिर्फ ब्याज से करीब 450 करोड़ की कमाई होगी।











