बैंक-रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी; 14 दिसंबर को खुलेगा InoxCVA का IPO

बैंक-रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी; 14 दिसंबर को खुलेगा InoxCVA का IPO

शेयर बाजार ने आज यानी सोमवार (11 दिसंबर) को फिर नया ऑल टाइम हाई बनाया है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स पहली बार 70 हजार के पार निकला और इसने 70,057 के स्तर को छुआ। वहीं निफ्टी ने भी 21,026 का स्तर छुआ।

इससे पहले सेंसेक्स 100 अंक चढ़कर 69,925 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी में भी 82 अंकों की तेजी रही, ये 20,965 के स्तर पर ओपन हुआ। हालांकि, अब बाजार फ्लैट कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 16 शेयरों में तेजी और 14 में गिरावट है।

बैंक और रियल्टी शेयरों में तेजी, हेल्थकेयर में गिरावट
सरकारी बैंकों और रियल्टी शेयरों में आज सबसे ज्यादा तेजी है। बैंक ऑफ इंडिया सबसे ज्यादा 3% चढ़कर कारोबार कर रहा है। रियल एस्टेट कंपनी DLF का शेयर भी 3% चढ़ा है। वहीं हेल्थकेयर से जुड़े स्टॉक्स में आज सबसे ज्यादा गिरावट दिख रही है।

59.70 रुपए के 52 वीक हाई पर पहुंचा स्पाइसजेट
स्पाइसजेट के शेयरों ने आज करीब 8% चढ़कर 59.70 रुपए का 52 वीक हाई बनाया। कंपनी ने NSE पर लिस्ट होने का ऐलान किया है। इसके अलावा फंड रेजिंग के लिए बोर्ड मीटिंग भी करने वाला है। इन्हीं कारणों से इसके शेयरों में तेजी आई है।

14 दिसंबर को खुलेगा InoxCVA का IPO
InoxCVA का इनीशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) 14 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। 18 दिसंबर तक इसके लिए बोली लगाई जा सकती है। इसका प्राइस बैंड 627-660 रुपए तय किया गया है और लॉट साइज 22 शेयरों का है।

कंपनी के शेयर गुरुवार, 21 दिसंबर को BSE और NSE दोनों पर लिस्ट होंगे। कंपनी IPO के जरिए 22,110,955 शेयर्स ऑफर कर 1,459.32 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। एंकर इन्वेस्टर्स के लिए IPO एक दिन पहले 13 दिसंबर को खुलेगा।

1976 में बनी आईनॉक्स इंडिया क्रायोजेनिक इक्विपमेंट का सप्लायर है। कंपनी डिजाइन, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग और इंस्टॉलेशन सहित क्रायोजेनिक कंडीशन्स में ऑपरेट होने वाले इक्विपमेंट और सिस्टम्स के लिए एंड-टु-एंड सॉल्यूशन प्रदान करती है।

1990 को BSE सेंसेक्स ने पहली बार 1 हजार का स्तर छुआ
25 जुलाई 1990 को BSE सेंसेक्स ने पहली बार 1 हजार के स्तर को छुआ था। 1 हजार से 10 हजार तक आने में इसे तकरीबन 16 साल लगे (6 फरवरी 2006)। लेकिन 10 हजार से 70 हजार तक के सफर को केवल 17 साल में पूरा कर लिया।

ग्लोबल बाजारों में रही मजबूती

अमेरिकी बाजारों में शुक्रवार को बढ़त रही। S&P 500 0.41% चढ़कर 4,604.37 अंक पर बंद हुआ। नैस्डैक भी 0.45% बढ़कर 14,403.97 अंक पर पहुंच गया। डाऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.36% बढ़कर 36,247.87 अंक पर बंद हुआ। एशियाई बाजारों में भी तेजी है।

शुक्रवार को चढ़कर बंद हुआ था बाजार
इससे पहले शुक्रवार (8 दिसंबर) को सेंसेक्स 303.91 अंक चढ़कर 69,825.60 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 68.25 अंकों की तेजी रही, ये 20,969.40 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 में तेजी और 11 में गिरावट रही थी।

Advertisement