चारधाम यात्रा पर दो दिन के लिए रोक, 24 घंटे से लगातार बारिश-भूस्खलन से सड़कें ठप्प
Updated on
14 Aug 2023, 06:00 PM
देहरादून: उत्तराखंड (Uttarakhand News) में रविवार रात से लगातार हो रही बारिश की वजह से चारधाम यात्रा (Chardham Yatra) पर अस्थाई तौर पर रोक लगा दी गई है। इस यात्रा को 14 और 15 अगस्त को रोका गया है। लगातार बारिश से सड़कें धंस गईं हैं, कई जगह लैंडस्लाइड होने से भी मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। चमोली जिले में रविवार रात से निरंतर हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग कई जगहों पर अवरुद्ध हो गया है। इसी वजह से बद्रीनाथ धाम यात्रा पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पीपलकोटी, छिनका, नंदप्रयाग और हाथी पर्वत मारवाड़ी के पास अवरुद्ध है।
यहां बारिश के कारण सड़क पर मलबा और पत्थर आ गए हैं जिस कारण यातायात बाधित हो गया है। चमोली के जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने सड़क के सुचारू होने तक की यात्रा पर पूर्णतया रोक लगाने के निर्देश दे दिए हैं। जिलाधिकारी ने तीर्थ यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर बने रहने की अपील की है बद्रीनाथ से जोशीमठ की तरफ आने वाले तीर्थ यात्रियों को बद्रीनाथ धाम में ही रोक दिया गया है।
बद्रीनाथ धाम के लिए जाने वाले तीर्थ यात्रियों को जोशीमठ और अन्यत्र सुरक्षित जगहों पर रोका गया है। कहा गया है कि जब तक राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह से सुचारू नहीं हो जाता तब तक तीर्थ यात्रियों को आवागमन नहीं करने दिया जाएगा।