ऑस्ट्रेलिया ने दर्ज की वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी जीत, नीदरलैंड्स को 309 रन से रौंदा
Updated on
26 Oct 2023, 02:06 PM
नई दिल्ली: डेविड वॉर्नर और ग्लेन मैक्सवेल के रिकॉर्ड शतक के बाद गेंदबाजों के कातिलाना प्रदर्शन के बूते ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे जीत अपने नाम कर ली। अरुण जेटली स्टेडियम में बुधवार रात नीदरलैंड्स की टीम 400 रन के लक्ष्य के जवाब में सिर्फ 90 रन पर सिमट गई, इस तरह उसके नाम 309 रन की शर्मनाक हार दर्ज हो गई। यह वनडे इंटरनेशनल के इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार भी है, इससे पहले भारत ने 15 जनवरी 2023 को तिरुवनंतपुरम में श्रीलंका को 317 रन से हराया था। इससे पहले टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने ग्लेन मैक्सवेल के सिर्फ 40 गेंद में विश्व कप के सबसे तेज शतक और डेविड वॉर्नर के रिकॉर्ड छठे वर्ल्ड कप शतक के बूते निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 399 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया के लिए गेंदबाजी में स्पिनर एडम जम्पा ने सर्वाधिक चार विकेट झटके। पिछले तीन मैच से वह चार-चार विकेट चटका रहे हैं।
वर्ल्ड कप इतिहास की पांच सबसे बड़ी जीत - ऑस्ट्रेलिया- 309 रन vs नीदरलैंड्स, दिल्ली, 2023
- ऑस्ट्रेलिया- 275 रन VS अफगानिस्तान, पर्थ 2015
- इंडिया- 257 रन VS बरमुडा, पोर्ट ऑफ स्पेन 2007
- साउथ अफ्रीका- 257 रन VS वेस्टइंडीज, सिडनी 2015
- ऑस्ट्रेलिया- 256 रन VS नमीबिया, पोस्टरफूर्म 2003
ऑस्ट्रेलिया की लगातार तीसरी जीत
वर्ल्ड कप में शुरुआती दो मैच गंवाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम अब जीत के रथ पर सवार हो चुकी है। पहले साउथ अफ्रीका और फिर भारत से हारने के बाद श्रीलंका, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ कंगारुओं ने विशाल जीत दर्ज की। इसी के साथ पॉइंट्स टेबल पर टीम अब चौथे नंबर पर भी पहुंच गई।