एसोसिएशन ने शुरुआती दो मैचों के लिए स्क्वॉड जारी किया, अजिंक्य रहाणे होंगे कप्तान

एसोसिएशन ने शुरुआती दो मैचों के लिए स्क्वॉड जारी किया, अजिंक्य रहाणे होंगे कप्तान

मुंबई ने आगामी रणजी ट्रॉफी के नए सीजन के पहले दो मैचों के लिए 15 सदस्यीय स्क्वॉड जारी किया है। इसमें भारत के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को जगह नहीं मिली है।

अजिंक्य रहाणे लगातार दूसरे सीजन में टीम की कप्तानी करेंगे। 2023 में मुंबई टीम एलीट ग्रुप बी में चौथे स्थान पर रही थी और नॉकआउट के लिए क्वालिफाई करने में असफल रही थी।

मुंबई 5 जनवरी को बिहार के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी, इसके बाद 12 से 15 जनवरी तक आंध्र प्रदेश से उसका मुकाबला होगा।

इंग्लैंड में चोटिल हुए थे शॉ
पिछले साल शॉ काउंटी क्रिकेट टीम नॉर्थहैंप्टनशायर का हिस्सा बने थे। सितंबर में दुरहम के खिलाफ एक मुकाबले में उन्हें घुटने में चोट आ गई थी। वे तब 3 महीने के रिकवरी ब्रेक पर थे। हांलाकि मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने शॉ के स्क्वॉड में नहीं होने पर कुछ नहीं कहा है। शॉ ने मुंबई के लिए 44 रणजी मैचों में 12 शतकों के साथ 3802 रन बनाए हैं।

अथर्व अंकोलेकर को पहली बार मौका
23 साल के लेफ्ट आर्म स्पिनर अथर्व अंकोलेकर पहली बार टीम में शामिल हुए है। 2020 में अथर्व भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा थे। रविवार 31 दिसंबर को अंकोलेकर ने पुलिस जिमखाना में आयोजित पुलिस शील्ड फाइनल में न्यू हिंद स्पोर्टिंग क्लब के खिलाफ विक्ट्री क्रिकेट क्लब के लिए 70 रन बनाने के साथ ही 5 विकेट भी लिए।

जायसवाल और सूर्या भी स्क्वॉड में नहीं
शॉ के अलावा इस सीजन के शुरुआती गेम्स में यशस्वी जायसवाल और सूर्यकुमार यादव भी टीम का हिस्सा नहीं है। हांलाकि, दोनों प्लेयर्स नेशनल टीम के रेग्यूलर प्लेयर्स बन चुके है।

मुंबई रणजी की सबसे सफल टीम लेकिन 2015-16 से खिताब नहीं जीता
मुंबई रणजी ट्रॉफी के इतिहास में सबसे सफल टीम है। उन्होंने 88 सीजन में 39 बार ट्रॉफी जीती है जो कि 44.3 फीसदी है। इसके बाद दूसरी सबसे सफल टीम कर्नाटक है जिसने 8 बार खिताब जीता है। हालांकि, मुंबई ने 2015-16 सीजन के बाद से एक भी खिताब नहीं जीता है। तब से मुंबई ने 2 बार फाइनल खेला, जिसमे उसे जीत नहीं मिली। पिछला (2022-23) सीजन सौराष्ट्र ने जीता था।

मुंबई टीम का पहले दो रणजी मैचों के लिए स्क्वॉड- अजिंक्य रहाणे (कप्तान), जय बिस्टा, भूपेन लालवानी, हार्दिक तमोरे, सरफराज खान, शिवम दुबे, सुवेद पारकर, प्रसाद पवार, शम्स मुलानी, तनुष कोटियन, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, धवल कुलकर्णी, रॉयस्टन डायस और अथर्व अंकोलेकर।


Advertisement