भोपाल। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को उत्तर विधानसभा क्षेत्र भाजपा के प्रत्याशी आलोक शर्मा के रोड शो किया। इस दौरान सिंधिया ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास हो गया है कि इस बार भोपाल उत्तर सीट पर कमल खिलने वाला है। कांग्रेस ने यहां कोई विकास नहीं कराया है लेकिन मैं विश्वास दिलाता हूं कि हम विकास जरूर कराएंगे।
रोड शो के दौरान वे स्थानीय नेताओं के साथ रथ पर सवार होकर शाहजहांनाबाद चौराहा से रेजीमेंट रोड होते हुए टीलाजमालपुरा के दुर्गा चौक तक पहुंचे। रोड शो शुरू करने से पहले उन्होंने काली के मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। इस दौरान महिलाओं ने सिंधिया को तिलक लगाकर उनकी आरती भी उतारी। सिंधिया ने कहा कि बहनों द्वारा किए गए स्वागत से विश्वास नहीं हो रहा है कि हम टीलाजमालपुरा क्षेत्र में हैं।
कांग्रेस चुनाव के समय अपना लेती है छद्म हिंदुत्व: हिमंत बिस्वा सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को भोपाल के दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी भगवानदास सबनानी की जनसभा की। सरमा ने कहा कि कमल नाथ सरकार भी बनाना चाहते हैं और दिग्विजय सिंह के कपड़े भी फाड़ना चाहते हैं। इन दोनों की जोड़ी जो खेल मध्य प्रदेश में खेल रही है, इनकी सारी नौटंकी जनता जानती है। राम के अस्तित्व को नकारने वाले राहुल गांधी बताएं कि वह राम मंदिर दर्शन करने क्यों नहीं जाते, प्रियंका गांधी बताएं कि वह रामलला के दर्शन करने क्यों नहीं जाती हैं। कांग्रेस चुनाव के समय छद्म हिंदुत्व अपनाने का काम करती है और सनातन को मिटाने की बात करती है। सनातन आदिकाल से था, है और रहेगा।











