आज लॉन्च हो रहा ASK Automotive का IPO, निवेश से पहले देखें जीएमपी-प्राइस बैंड सहित सभी डिटेल्स
Updated on
07 Nov 2023, 02:09 PM
नई दिल्ली: शेयर बाजार में आईपीओ में निवेश करने वालों के लिए अच्छी खबर है। बाजार में आज एक और कंपनी का आईपीओ खुलने जा रहा है। यह एसके ऑटोमोटिव का इश्यू है। एएसके ऑटोमोटिव आईपीओ में निवेशकों को 7 नवंबर से 9 नवंबर तक बोली लगाने का मौका मिलेगा। एएसके ऑटोमोटिव आईपीओ के तहत ऑफर पर 2,95,71,390 इक्विटी शेयरों को रखा गया है, जिनसे प्राइस बैंड की अपर लिमिट पर 833.91 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। आईपीओ के तहत फ्रेश इश्यू जारी नहीं किए जा रहे हैं। कंपनी के शेयरों दोनों एक्सचेंजों पर लिस्ट हो सकते हैं। एएसके ऑटोमोटिव के शेयरों की लिस्टिंग 20 नवंबर 2023 को हो सकती है।
क्या है प्राइस बैंड
एएसके ऑटोमोटिव का प्राइस बैंड 268 रुपये से 282 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। एएसके ऑटोमोटिव आईपीओ का लॉट साइज 53 शेयरों का है। ऐसे में किसी भी निवेशक को कम से कम 14,946 रुपये का दांव लगाना होगा। वहीं निवेशक इसमें अधिकतम 13 लॉट यानी 689 शेयरों पर दांव लगा सकते हैं।
क्या है जीएमपी
एएसके ऑटोमोटिव आईपीओ का आज जीएमपी या ग्रे मार्केट प्रीमियम +36 है। एएसके ऑटोमोटिव शेयर की कीमत सोमवार को ग्रे मार्केट में ₹36 के प्रीमियम पर कारोबार कर रही थी। ऐसे में एएसके ऑटोमोटिव शेयर की लिस्टिंग 318 रुपये पर हो सकती है। इससे निवेशकों को पहले ही दिन 12 फीसदी से ज्यादा का फायदा हो सकता है।
कंपनी का कारोबार
एएसके ऑटोमोटिव ब्रेक-शू और एडवांस्ड ब्रेकिंग सिस्टम में एक बड़ी कंपनी है। कंपनी एल्यूमीनियम लाइट-वेटिंग प्रीसिज़न सॉल्यूशन्स, व्हील असेंबली और सेफ्टी कंट्रोल केबल्स प्रोडक्ट की भी चैंपियन है। कंपनी के क्लाइंट्स में हीरो मोटोकॉर्प, होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया, बजाज ऑटो, टीवीएस मोटर और सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया शामिल हैं। दो-पहिया वाहनों के लिए ब्रेक-शू और एडवांस्ड ब्रेकिंग सिस्टम के मार्केट की 50 फीसदी बाजार हिस्सेदारी एएसके के पास है।