पीएसएल में कुछ भी हो सकता है.... ओपनिंग करने उतरा और पूरे 20 ओवर खेले, बनाए सिर्फ 33 रन
नई दिल्ली: टी20 क्रिकेट में कोई बल्लेबाज ओपनिंग करने उतरता है तो उससे क्या उम्मीद होती है? वह टीम को तेज शुरुआत देगा। गेंदबाजों पर अटैक करके अपनी टीम का दबदबा कायम करेगा। अगर ओपनर पूरे 20 ओवर तक खेलता है और अंत में नाबाद लौटता है तो सभी सोचेंगे कि उसने शतक बनाया होगा। ताबड़तोड़ी बैटिंग से गेंदबाजों का जीना मुश्किल कर दिया होगा लेकिन पाकिस्तान सुपर लीग में इसका उल्टा देखने को मिला है।साउद शकील ने गजब ही कर दिया
साउद शकील पाकिस्तान क्रिकेट टीम के प्रमुख खिलाड़ी हैं। वह पीएसएल में क्वेटा ग्लेडिएटर्स की कप्तानी कर रहे हैं। कराची किंग्स के खिलाफ वह सलामी बल्लेबाजी करने उतरे। शकील ने पारी की पहली गेंद खेली। 20 ओवर खत्म होने के बाद वह नाबाद पवेलियन लौटे। इस दौरान शकील के बल्ले से सिर्फ और सिर्फ 33 रन निकले। यानी पूरे 20 ओवर बैटिंग करने के बाद सिर्फ 33 रन।
पावरप्ले के बाद सिर्फ एक चौका
साउद शकील ने दूसरे ओवर में एक चौका लगाया। तीसरे ओवर में उनके बल्ले से एक चौका निकला। इसके बाद उन्होंने अगले 17 ओवर में सिर्फ एक चौका लगाया। 33 रन बनाने के लिए उन्होंने 40 गेंदों का सामना किया। इस पारी में कुल तीन चौके शामिल थे। वह भी छक्का नहीं लगा पाए। 29 साल के इस बाएं हाथ के बल्ले ने पाकिस्तान के लिए 19 वनडे और इतने ही टेस्ट खेले हैं। टी20 क्रिकेट में ओवरऑल उनका स्ट्राइक रेट 130 का है।











